Dhanbad News: एसएनएमएमसीएच की आइसीयू का होगा कायाकल्प, आज से शुरू होगा अपग्रेडेशन का काम

स्वास्थ्य विभाग की नाराजगी के बाद हरकत में आया एसएनएमएमसीएच प्रबंधन, नये उपकरणों से लैस होगी आइसीयू

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) की इंटेंसिव केयर यूनिट (आइसीयू) को अपग्रेड किया जायेगा. इसके लिए सोमवार से काम शुरू हो जायेगा. गत दिनों स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव ने यहां आइसीयू का निरीक्षण किया था. इस दौरान अव्यवस्था व संसाधनों की कमी पाकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जतायी थी. ऐसे में अस्पताल प्रबंधन ने आइसीयू को नये सिरे से अपग्रेड करने का निर्देश जारी किया है.

निरीक्षण में मिली थीं कई खामियां

संयुक्त सचिव के निरीक्षण के दौरान आइसीयू में आवश्यक उपकरणों की कमी, रखरखाव की खराब स्थिति और सफाइ को लेकर सवाल उठे थे. इलाज में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण पुराने व बेकार मिले थे. इस पर विभागीय स्तर से आइसीयू की व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिये गये थे.

नये उपकरणों से लैस होगी आइसीयू

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अपग्रेडेशन को लेकर आइसीयू में व्यापक स्तर पर रंग-रोगन कराया जायेगा. अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाये जायेंगे. खास तौर पर क्रैशकार्ट की नयी व्यवस्था की जायेगी. ताकि आपात स्थिति में तुरंत इलाज संभव हो सके. आधुनिक वेंटिलेटर भी लगाये जायेंगे.

मरीजों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा व्यवस्था

आइसीयू के अपग्रेड होने से गंभीर मरीजों के इलाज की गुणवत्ता में सुधार होगा. अस्पताल के अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने बताया कि यह काम चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जायेगा, ताकि मरीजों का इलाज बाधित न हो. आइसीयू आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी. मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashok kumar

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >