होली में हाई अलर्ट पर धनबाद के एसएनएमएमसीएच का इमरजेंसी विभाग, 4 मार्च को 24 घंटे इलाज

Dhanbad Holi: होली के दौरान संभावित आपात स्थितियों को देखते हुए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में 4 मार्च को इमरजेंसी विभाग हाई अलर्ट पर रहेगा. 24 घंटे चिकित्सक, नर्स और सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे. नशे में हुड़दंग करने वालों पर सख्ती होगी और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखा जाएगा.

धनबाद से विक्की प्रसाद की रिपोर्ट

होली पर्व के दौरान संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) प्रबंधन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. अस्पताल प्रबंधन ने 4 मार्च को आकस्मिक (इमरजेंसी) विभाग को हाई अलर्ट मोड पर रखने का निर्णय लिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

इमरजेंसी में अतिरिक्त सतर्कता, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

वरीय अस्पताल प्रबंधक डॉ सीएस सुमन द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार होली के दिन अस्पताल परिसर में विशेष सतर्कता बरती जाएगी. आपातकालीन द्वार, वार्डों और संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जाएगी. इसके लिए होमगार्डों की 24×7 राउंड-द-क्लॉक ड्यूटी सुनिश्चित की गई है. साथ ही भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है, ताकि मरीजों की आवाजाही में कोई बाधा न आए.

नशे में हंगामा करने वालों पर सख्ती

प्रबंधन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नशे की हालत में अस्पताल परिसर में प्रवेश कर शोर-शराबा करने वाले हुड़दंगियों पर सख्त नजर रखी जाएगी. ऐसे तत्वों को रोकने के लिए होमगार्ड, पुलिस पिकेट और स्थानीय थाना प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे. अस्पताल प्रशासन ने सरायढेला थाना प्रभारी, सीसीआर-डीएसपी एवं पुलिस पिकेट के जवानों से निरंतर संपर्क में रहने का निर्देश दिया है.

चिकित्सक, नर्स व पैरामेडिकल स्टाफ रहेंगे तैनात

अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में सभी क्लीनिकल और नन-क्लीनिकल विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों में कार्यरत चिकित्सक, नर्स एवं पैरामेडिकल कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें. त्योहार के दिन किसी भी आकस्मिक घटना या दुर्घटना की स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके, इसके लिए सभी विभाग हाई अलर्ट पर रहेंगे.

इसे भी पढ़ें: रांची के डक्विन हेल्थकेयर में होली मिलन समारोह, हरमू कार्यालय में रंगों की बौछार

रक्त अधिकोष और सहायक एजेंसियां भी अलर्ट

होली के मद्देनज़र रक्त अधिकोष (ब्लड बैंक), केंद्रीय आकस्मिक विभाग, सुरक्षा एजेंसियों एवं साफ-सफाई एजेंसियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति में इलाज, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था में कोई कमी न रह जाए. अस्पताल प्रबंधन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे होली के दौरान संयम बरतें और किसी भी आपात स्थिति में सीधे अस्पताल के आकस्मिक विभाग से संपर्क करें, ताकि समय रहते जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराया जा सके.

इसे भी पढ़ें: संत फ्रांसिस डि-सेल्स स्कूल में होली के पर ‘रंगोत्सव’ का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने खेली होली

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >