रंगदारी नहीं दी तो दुकान में घुसकर की मारपीट, व्यापारियों ने जताया विरोध

निरसा थाना क्षेत्र के गांधी बाजार में सोमवार को रंगदारी नहीं देने को लेकर एक मनिहारी दुकानदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है.

निरसा थाना क्षेत्र के गांधी बाजार में सोमवार को रंगदारी नहीं देने को लेकर एक मनिहारी दुकानदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि निरसा खटाल निवासी मंजीत यादव और उसके भाई गोलू यादव ने दुकान पर पहुंचकर दुकानदार गुलाम गौस के साथ मारपीट की. घटना में गुलाम गौस गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए निरसा सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया.

क्या है मामला ?

घटना के बाद आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और खटाल निवासी मंजीत यादव को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका भाई गोलू यादव मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर निरसा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

22 अगस्त को मांगी गई थी 20 हजार रुपये की रंगदारी

पीड़ित दुकानदार के पिता मोहम्मद मोहिउद्दीन ने निरसा थाना में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि 22 अगस्त को मंजीत यादव और गोलू यादव उनकी दुकान पर पहुंचे थे और उनके पुत्र गुलाम गौस से 20 हजार रुपये रंगदारी के रूप में देने की मांग की थी. गुलाम गौस ने उनकी मांग को गंभीरता से नहीं लिया.

मोहिउद्दीन के अनुसार, सोमवार की दोपहर दोनों आरोपी दोबारा दुकान पर पहुंचे. उस समय गुलाम गौस दुकान के बाहर थे. आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडे से उन पर हमला कर दिया. मारपीट में गुलाम गौस गंभीर रूप से घायल हो गए. शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद खटाल निवासी मंजीत यादव को पकड़ लिया गया, जबकि गोलू यादव भागने में सफल रहा. पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी का पिता भी पहुंचा.

शिकायत के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद मंजीत यादव और गोलू यादव के पिता कृष्णा यादव उर्फ कंकड़ यादव भी मौके पर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने भी मोहम्मद मोहिउद्दीन के साथ धक्का-मुक्की की. इसी बीच सूचना पाकर निरसा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही कृष्णा यादव उर्फ कंकड़ यादव वहां से फरार हो गया.

घटना के विरोध में दुकानदारों ने बंद रखीं दुकानें

मारपीट की घटना के विरोध में गांधी बाजार और जामताड़ा रोड के कई दुकानदारों ने स्वतः अपनी दुकानें बंद कर दीं. दुकानदारों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि बाजार क्षेत्र में आए दिन कुछ मनबढ़ युवक दुकानदारों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं. उनका आरोप है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे लोगों का मनोबल बढ़ता जा रहा है.

दुकानदारों ने जाम की समस्या को भी उठाया

उनका कहना है कि सड़क के दोनों किनारों पर टोटो चालक दिनभर वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। दुकानदारों के अनुसार, जब वे सड़क पर वाहन खड़ा करने से मना करते हैं तो कुछ लोग गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं.

24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

निरसा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल एवं निरसा व्यापार सहयोग समिति के अध्यक्ष हाजी अफरोज अहमद ने घटना की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि पुलिस अन्य आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करे, अन्यथा दुकानदार आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

उन्होंने कहा कि दुकानदार शांतिप्रिय हैं और व्यवहार ही उनकी पहचान है. बाजार में दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

इस संबंध में थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है. कानून को हाथ में रहने का अधिकार किसी को नहीं है. पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी. व्यापारी वर्ग धैर्य रखें. आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरिंदम चक्रवर्ती

अरिंदम चक्रवर्ती बीते 11 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। वे निरसा क्षेत्र की खबरों की रिपोर्टिंग और संपादकीय समन्वय का दायित्व निभाते हैं। स्थानीय मुद्दों, जनसरोकार और क्षेत्रीय घटनाओं पर तथ्यपरक एवं विश्वसनीय रिपोर्टिंग उनकी प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >