Dhanbad News: वरीय संवाददाता, धनबाद. आइआइटी आइएसएम के एकेडमिक सत्र 2025–26 के लिए चल रहे प्लेसमेंट सीजन में संस्थान के विद्यार्थियों को लगातार नौकरियां मिल रही हैं. सीजन शुरू होने के एक माह के भीतर ही प्लेसमेंट का आंकड़ा 700 के करीब पहुंच चुका है. ताजा आंकड़ों के अनुसार, बीते 10 दिनों में सात नामी कंपनियों ने 52 से अधिक छात्रों को जॉब ऑफर दिये हैं. इसमें जेडएस एसोसिएट्स ने 20, टाटा स्टील ने छह, लियॉड कंस्लटिंग ने एक, रिस्टैड एनर्जी ने नौ, एमडॉक ने नौ और बीइएल ने 13 छात्रों को ऑफर लेटर सौंपे.
पहले 10 दिनों में 575 छात्रों को मिली नौकरी :
संस्थान में एक दिसंबर से शुरू हुए प्लेसमेंट सीजन के पहले 10 दिनों में 72 कंपनियों ने 575 छात्रों को नौकरी दी थी. अब यह आंकड़ा करीब 700 के पास पहुंच चुका है. इसके अलावा, सीजन शुरू होने से पहले ही 202 छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिल चुके थे.दिग्गज कंपनियों की मजबूत मौजूदगी :
अब तक कैंपस में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, टाटा स्टील, जियो, रिलायंस और वॉलमार्ट जैसी बड़ी कंपनियां आ चुकी हैं. इस सीजन में रिलायंस ने एक साथ 32 छात्रों को जॉब ऑफर देकर सबसे अधिक नियुक्तियां कीं. वहीं गूगल और माइक्रोसॉफ्ट ने 40 लाख रुपये तक के वार्षिक पैकेज ऑफर किये हैं.नये रिकॉर्ड की ओर प्लेसमेंट सीजन :
इस वर्ष प्लेसमेंट ने नया इतिहास रचा है. पहली बार ऑन-कैंपस 80 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज ऑफर हुआ है, जो संस्थान के इतिहास में सर्वाधिक है. इससे पहले अधिकतम 60 लाख रुपये का ऑन-कैंपस ऑफर मिला था. ऑफ-कैंपस के जरिये छात्रों को 1.20 करोड़ रुपये तक के पैकेज का रिकॉर्ड भी दर्ज है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
