Dhanbad News: बेहतर करने वाले विद्यालयों को मिलेंगी सभी सुविधाएं : उपायुक्त

उत्क्रमित मध्य विद्यालय बस्तीपुर में प्रोजेक्ट इंपैक्ट प्रशिक्षण शुरू

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बुधवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय बस्तीपुर में गोविंदपुर प्रखंड के मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व सहायक शिक्षकों के तीन दिवसीय प्रोजेक्ट इंपैक्ट प्रशिक्षण की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की भौतिक और शैक्षणिक दशा सुधारने की अपील की. इसके लिए प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि वह बेहतर करने वाले विद्यालयों को सारी सुविधाएं उपलब्ध करायें.

बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थित व स्वच्छ परिवेश पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि किसी भी सरकारी स्कूल में बच्चों की उपस्थित शत प्रतिशत और साफ-सुथरा व शैक्षणिक परिवेश होना चाहिए. इसके लिए विद्यालयों के प्रधान व शिक्षकों में आपसी तालमेल जरूरी है. उपायुक्त ने स्कूलों को आकर्षक बनाने, किचन को साफ रखने, किचन गार्डन को सब्जी की खेती से हरा भरा रखने, प्रार्थना सभा को प्रभावी बनाने के निर्देश दिये. वहीं रोज स्कूल आने वाले तथा रोज पहले स्कूल आने वाले बच्चों को विभिन्न अवसरों पर सम्मानित करने का भी निर्देश दिया. प्रशिक्षण के आज पहले दिन प्रखंड के 32 मध्य विद्यालयों से प्रधानाध्यापक एवं एक-एक सहायक शिक्षकों ने भाग लिया. इस अवसर पर उपायुक्त ने सहायक अध्यापक समरेश सिंह चौधरी की पुत्री व विद्यालय की पूर्व छात्रा रेलवे की जूनियर इंजीनियर प्रीति कुमारी को सम्मानित किया. प्रशिक्षण के आज पहले दिन उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार, बीईईओ विनोद कुमार पांडेय आदि ने भाग लिया. प्रधानाध्यापक संतोष कुमार झा ने सबका स्वागत किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

ASHOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >