सावन की अंतिम सोमवारी पर भी जोड़ापोखर क्षेत्र के कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सका. जमाडा जल संयंत्र केंद्र की 18 इंच पाथरडीह पाइपलाइन से रविवार को आंशिक जलापूर्ति हुई. निचले इलाकों में कुछ देर पानी पहुंचा, जबकि ऊपरी क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. जलापूर्ति बाधित रहने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी गयी.
कई इलाकों में नहीं पहुंचा पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, डिगवाडीह, जियलगोड़ा, जोड़ापोखर, फुसबंगला, भागा, बनियाहीर और शालीमार समेत आसपास के कई इलाकों में रविवार को पानी की आपूर्ति नहीं हुई. अंतिम सोमवारी के कारण घरों में पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक गतिविधियों के साथ घरेलू कामकाज के लिए पानी की जरूरत अधिक थी.
जलापूर्ति नहीं होने पर लोगों को दूर-दराज के स्थानों से पानी लाना पड़ा. घरेलू उपयोग के लिए किसी तरह पानी की व्यवस्था की गयी, जबकि पीने के पानी के लिए कुछ लोगों को बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा.
लगातार बाधित हो रही जलापूर्ति से नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलापूर्ति व्यवस्था में लगातार आ रही बाधाओं के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है. पर्व-त्योहार के दौरान भी नियमित जलापूर्ति नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है. लोगों ने विभाग से व्यवस्था दुरुस्त कर पाइपलाइन के माध्यम से नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.
रात में खराब हुआ था मोटर पंप : एसडीओ
जमाडा के एसडीओ कृपा शंकर ने बताया कि रात में इंटेक वेल के पांच नंबर मोटर पंप में खराबी आ गयी थी. इससे जल भंडारण प्रभावित हुआ और पाथरडीह पाइपलाइन से सामान्य जलापूर्ति नहीं हो सकी. पंप की मरम्मत का काम कराया जा रहा है. जल्द ही खराबी दूर कर क्षेत्र में सामान्य जलापूर्ति बहाल कर दी जायेगी.
