राजापुर परियोजना में अनियमित उत्खनन और उससे झरिया जलागार को खतरा होने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने रविवार को बाटा मोड़ गणेश चौक के पास क्षेत्र संख्या-9 के जीएम का पुतला दहन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल व्यवस्था करने की मांग की.
माइंस रेस्क्यू कार्यालय में रात गुजारने का आरोप
पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव ने आरोप लगाया कि राजापुर परियोजना में अनियमित तरीके से उत्खनन किये जाने के कारण झरिया जलागार खतरे में आ गया है. उन्होंने कहा कि परियोजना से प्रभावित परिवारों को अब तक कोई व्यवस्था नहीं मिली है. इसके कारण उन्हें माइंस रेस्क्यू कार्यालय में रात गुजारने को मजबूर होना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि पूरे मामले से सांसद ढुलू महतो को अवगत कराया जायेगा और कोल इंडिया से राजापुर परियोजना में हो रहे उत्खनन की जांच कराने की मांग की जायेगी.
परियोजना के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सांसद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी और जितेंद्र प्रसाद ने भी राजापुर परियोजना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है.
प्रदर्शन में ओम अग्रवाल, कृष्णा साव, महेश शर्मा, भगवान दास केसरी, सत्यनारायण भोजगड़िया, राजू वर्मा, राजेश साव, रवि आडवाणी, सांसद प्रतिनिधि उज्ज्वल मंडल, श्रीराम गोराई, विजय साव, पप्पू केसरी, अनिल साव, रूपेश पासवान, सूरज भुइयां, टुन्नू गुप्ता, अरुण भुइयां, पिंटू बर्मन, भाजपा बस्ताकोला मंडल अध्यक्ष संतोष रवानी, बंटी बर्मन, सुजीत साव, मो. इम्तियाज और त्रिलोकी प्रमाणिक समेत अन्य मौजूद थे.
