विधायक अरूप चटर्जी ने शनिवार को विभागीय अभियंताओं के साथ बराकर नदी किनारे रिवर फ्रंट और खेल स्टेडियम निर्माण को लेकर स्थल निरीक्षण किया. नगर परिषद क्षेत्र को सुंदर और विकसित बनाने के उद्देश्य से रिवर फ्रंट का निर्माण विधायक की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है. वहीं, बच्चों और युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर स्टेडियम निर्माण की योजना है.
वार्ड 19 व 20 में स्टेडियम के लिए स्थल देखा
विभागीय अभियंताओं ने वार्ड 19 और 20 में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण के लिए स्थल का निरीक्षण किया. विधायक अरूप चटर्जी ने अधिकारियों से योजना, स्थल और निर्माण से संबंधित आवश्यक जानकारी ली. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बच्चों और युवाओं के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्टेडियम महत्वपूर्ण कदम होगा.
जल्द धरातल पर उतरेगी योजना
विधायक ने कहा कि रिवर फ्रंट और स्टेडियम निर्माण की योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारा जाएगा. इन योजनाओं के पूरा होने से नगर परिषद क्षेत्र में जनसुविधाओं के साथ सौंदर्यीकरण और खेल सुविधाओं का भी विस्तार होगा. उन्होंने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया तेजी से पूरी करने को कहा.
