Dhanbad News: कोल साइडिंग में गोलीबारी में घायल हुआ था रवि, जांच में हुआ खुलासा
Copied link
सोमवार की सुबह गोली लगने से घायल रवि बक्स राय ने पुलिस को अपने घायल होने मामले में झूठी जानकारी दी थी. इसका खुलासा पुलिस की जांच में हो गया.
सोमवार की अल सुबह गोली लगने से घायल रवि बक्स राय ने पुलिस को अपने घायल होने मामले में झूठी जानकारी दी थी. इसका खुलासा मंगलवार को पुलिस की जांच में हो गया. जांच में पता चला कि रवि आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है. वह बोकारो जिले के दुगदा स्थित कोल साइडिंग में हुई गोलीबारी की घटना में घायल हुआ था. जबकि उसने पुलिस को बताया था कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने देवघर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में छिनतई का प्रयास कर रहे अपराधियों ने उसके पैर में गोली मार दी.
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
रवि बक्स राय दुगदा थाना क्षेत्र के रटारी गांव का निवासी है. सोमवार की अल सुबह कोल साइडिंग में गोलीबारी की घटना में उसके पैर में गोली लगी थी. घायल होने के बाद वह सीधे धनबाद नहीं पहुंचा, बल्कि पहले तोपचांची गया. वहां उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए छिनतई और प्रेमिका से मिलने जाने की कहानी सुनायी. तोपचांची पुलिस की पूछताछ में उसके बयान में कई विरोधाभास मिले. इसके बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई.
दुगदा में पहले से दर्ज हो चुकी थी प्राथमिकी
इधर, धनबाद पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि बोकारो जिले के दुगदा थाना में इस घटना को लेकर पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है. पुलिस रिकॉर्ड व स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर स्पष्ट हुआ कि रवि को गोली दुगदा के कोल साइडिंग क्षेत्र में चली गोलीबारी के दौरान लगी थी.
बोकारो पुलिस पहुंची धनबाद
मामले की जानकारी मिलते ही बोकारो पुलिस की टीम धनबाद पहुंची और घायल रवि बक्स राय से पूछताछ की. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कोल साइडिंग में गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई और उसमें रवि की क्या भूमिका थी.
आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.