धनबाद के बनगड़िया नवोदय विद्यालय में 10वीं के छात्र के साथ रैगिंग, अस्पताल में भर्ती

धनबाद के बेनागड़िया निरसा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में 10वीं के छात्र को सहपाठियों ने रैगिंग का शिकार बनाया. मोबाइल में पैसे ट्रांसफर करने को लेकर हुई मारपीट के बाद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

धनबाद से अरिंदम और शंकर की रिपोर्ट

Dhanbad Student Raging, धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के बेनागड़िया निरसा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बेनागड़िया निरसा के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 10वीं के छात्र सुमित कुमार दास (16) के साथ उसके सहपाठियों ने मंगलवार की रात को रैगिंग की है. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है. इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सुमित कुमार दास नंगा दिखाई दे रहा है और उसके सहपाठी उसे गाली दे रहे हैं और बेल्ट से उसकी पिटाई कर रहे हैं. इसके साथ ही, वाटर बोतल से जबरन कोई पेय पदार्थ भी पिला रहे हैं.

मोबाइल में पैसे ट्रांसफर करने को लेकर की पिटाई

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र सुमित कुमार दास मंगलवार रात हॉस्टल में अपने कमरे में था. उसके साथ उसी कमरे में उसके 6 दोस्त भी थे. मोबाइल में पैसे ट्रांसफर करने के कारण बहस छिड़ गई. मामला इतना बढ़ गया कि सुमित के ही कक्षा में पढ़ने वाले विशाल कुमार, अनिकेत कुमार, नमन राज, लक्ष्मण कुमार महतो, अभिजीत सिंह ने देर रात दो बजे सुमित के हाथ रस्सी से बांधकर पिटाई शुरू कर दी.

ये भी पढ़ें: देवघर बाबा मंदिर : श्रावणी मेले में नहीं चलेगा VIP कल्चर, रविवार-सोमवार को शीघ्रदर्शनम भी बंद

छात्रों ने सुमित का वीडियो बनाया

इसके बाद, इन छात्रों ने मोबाइन से सुमित कुमार दास का वीडियो भी बनाया. इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इन छात्रों द्वारा डराते-धमकाते हुए यह किसी को न बताने को कहा गया. पीड़ित छात्र दो दिन तक किसी को कुछ नहीं बताया और स्कूल में नर्स से दवाई खाने लगा. पीड़ित छात्र गोविंदपुर के नगरक्यारी गांव का रहने वाला है.

कैसे खुली बात?

इस बीच सुमित कुमार दास ने फोन करके अपने परिवार से बात की और ठीक होने की बात कही. उसने फोन पर कहा कि वह ठीक है और अच्छे तरीके से पढ़ाई कर रहा है. लेकिन, इसके बाद तबीयत ज्यादा बिगड़ने के कारण सुमित कुमार दास ने परिजन को कॉल कर पूरे मामले की जानकारी दी. परिवार स्कूल पहुंचे. तब जाकर विद्यालय प्रबंधन को जानकारी मिली. तत्काल उसे पांडरा उप-स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए भेजा गया. छात्र की स्थिति गंभीर होने के कारण एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया गया है.

विद्यालय में मोबाइल रखने की अनुमति नहीं: प्रबंधक

विद्यालय के प्रबंधक सीके यादव ने कहा कि स्कूल में किसी भी छात्र को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं है. इसके बावजूद बच्चों के पास मोबाइल होते हैं. बच्चों के परिजन खुद चोरी-छिपे बच्चों को मोबाइल दे देते हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए कमेटी बनाकर छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि विद्यालय और छात्रावास में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं और पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाती है. प्राइवेसी के कारण क्लास रूम में कैमरे नहीं लगाए गए है.

ये भी पढ़ें: धनबाद के आकाश किनारी में अंधेरे में डूबी आधा दर्जन कॉलोनियां, आक्रोशित लोगों ने बीसीसीएल के खिलाफ किया प्रदर्शन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >