धनबाद. पूर्वी टुंडी प्रखंड क्षेत्र में आदिवासी समाज के पवित्र स्थलों जाहेर थानों के संरक्षण और सुरक्षा की दिशा में पहल शुरू हुई है. मंगलवार को रुपन पंचायत के तालबोहाल गांव में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने पांच जाहेर थानों की घेराबंदी कार्य का विधिवत शिलान्यास किया. उन्होंने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की.
जिला कल्याण विभाग की ओर से कराये जाने वाले घेराबंदी कार्य के तहत रुपन पंचायत के तालबोहाल और टेसराटांड़, पांडरा-बेजड़ा पंचायत के गोरगा में दो तथा लटानी पंचायत के रंजीतपुर गांव स्थित जाहेर थान की घेराबंदी की जायेगी.
आस्था और परंपरा से जुड़े हैं जाहेर थान
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि जाहेर थान आदिवासी समाज की आस्था, परंपरा और धार्मिक मान्यताओं से जुड़े महत्वपूर्ण स्थल हैं. इनकी घेराबंदी होने से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि ऐसे स्थलों का संरक्षण आदिवासी समाज की सांस्कृतिक परंपराओं को सुरक्षित रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है.
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी रही. मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष गिरिलाल किस्कू, मुखिया सतीश मुर्मू, संदीप हांसदा, सुनील मुर्मू, अजीत मिश्रा, दिनेश रजक, बसंत महतो, मदन महतो, रफीक अंसारी, गुरुचरण बास्की, बशीर अंसारी और प्रदीप टुडू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: लोयाबाद भू-धंसान: 'पहले मुआवजा फिर भराई', लोगों के विरोध के आगे बेबस हुई BCCL की टीम, बैरंग लौटी जेसीबी
