एमपीएल ओपी क्षेत्र के भागाबांध गांव में नाबालिग को शादी की नीयत से भगाकर ले जाने के मामले में फरार दो आरोपियों के घर पुलिस ने गुरुवार को इश्तेहार चिपकाया. पुलिस की कार्रवाई के बाद फरार आरोपियों पर जल्द आत्मसमर्पण करने का दबाव बढ़ गया है.
21 जुलाई को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
एमपीएल ओपी प्रभारी सुमन कुमारी ने बताया कि नाबालिग के पिता की लिखित शिकायत पर भागाबांध निवासी मिथुन दास, उदय साहनी और रोबीन साहनी के खिलाफ 21 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
एक आरोपी कर चुका है आत्मसमर्पण
ओपी प्रभारी के अनुसार, प्राथमिकी में नामजद आरोपी मिथुन दास पूर्व में ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है. वहीं उदय साहनी और रोबीन साहनी अभी फरार हैं. दोनों के घर गुरुवार को इश्तेहार चिपकाया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
