पेंशन की राह देख रहे लाभुकों को जल्द मिलेगी राशि, एक सप्ताह में पोर्टल अपग्रेड होने की उम्मीद

धनबाद में पेंशन योजनाओं की समीक्षा बैठक में डीसी आदित्य रंजन ने लंबित पेंशन राशि का भुगतान जल्द करने का निर्देश दिया है। पोर्टल अपग्रेड के बाद राशि खाते में आएगी।

जिले में विभिन्न पेंशन योजनाओं की लंबित राशि के भुगतान को लेकर बुधवार को डीसी आदित्य रंजन ने सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. आवासीय कार्यालय में हुई बैठक में उन्होंने योजनावार प्रगति और लाभुकों को अब तक किये गये भुगतान की स्थिति से अवगत हुए. डीसी ने अधिकारियों को लंबित राशि के भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया.

कई योजनाओं का भुगतान अगस्त तक हो चुका है

डीसी ने बताया कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री आदिम जनजाति पेंशन, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन, एचआइवी/एड्स पीड़ित सहायता पेंशन और स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के लाभुकों को अगस्त 2026 तक का भुगतान किया जा चुका है.

दिव्यांग पेंशन के लाभुकों को दिसंबर 2025 तक हो चुका है भुगतान

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के 3,71,482 लाभुकों को जुलाई 2026 तक की राशि का भुगतान हो चुका है. वहीं केंद्र प्रायोजित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के 46,829 और विधवा पेंशन के 17,046 लाभुकों को मार्च 2026 तक की राशि दी गयी है. दिव्यांग पेंशन के 2,605 लाभुकों को दिसंबर 2025 तक का भुगतान किया गया है.

एसएनए स्पर्श से होगा भुगतान

अधिकारियों ने बताया कि केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं का भुगतान अब एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से किया जाना है. इसके लिए एनएसएपी पोर्टल के अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है.

अधिकारियों के अनुसार करीब एक सप्ताह में पोर्टल अपग्रेड होने की उम्मीद है. इसके बाद जनवरी 2026 से लंबित पेंशन की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजी जायेगी. बैठक में सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी दिलीप कुमार महतो, सहायक प्रशासी पदाधिकारी राजकुमार सिंह, सहायक प्रियंका बाला समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >