Dhanbad News : महुदा थाना क्षेत्र के महुदा मोड़ (कांड्रा) निवासी गौतम बाउरी (41) ने शुक्रवार की सुबह बिहारी कॉलोनी, न्यू कांड्रा के समीप खेत के मेड़ के एक पलाश पेड़ की टहनी में टेंट के कपड़े की रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जहां उसने फांसी लगायी है, उससे सटी जमीन को उसने खरीदा था. वहां वह कई दिनों से लगातार बुनियाद काटकर उसमें पत्थर भर रहा था. उक्त कॉलोनी के लोग सुबह जब उस ओर गये, तो उसके शव को पेड़ से लटकते देखा. फिर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है. घटना के बाद मृतक की पत्नी सांत्वना देवी (37 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है. उसे दो पुत्र सौरव कुमार बाउरी 16 वर्ष तथा गौरव कुमार बाउरी 12 वर्ष हैं. गौतम मोटिया मजदूर था. पत्नी महुदा मोड़ में ही एक मेडिकल दुकान में काम करती है. मृतक सपरिवार भादरा कॉलोनी में भाड़े के कमरे में रहता था. लोन लेकर बिहारी कॉलोनी, न्यू कांड्रा में जमीन खरीदी थी कि वहां घर बना कर रहे. इससे पहले उसने आत्महत्या कर ली. आत्महत्या के कारणों का सटीक पता नहीं चल पाया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
