सिंदरी-बलियापुर मुख्य सड़क मार्ग पर बीबीएम कॉलेज के पास सोमवार को सड़क हादसे में निरसा के एक युवक की मौत हो गयी. मृतक निरसा क्षेत्र के डुमरिया गांव का रहने वाला विपुल महतो (25) है. सूचना मिलते ही बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया.
सिंदरी जा रहा था विपुल
बताया जाता है कि विपुल महतो बाइक से बलियापुर की ओर से सिंदरी जा रहा था. इसी दौरान बीबीएम कॉलेज के समीप उसकी बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़े हाइवा से जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गयी.
हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. विपुल महतो सिंदरी स्थित आइटीआइ कॉलेज का छात्र था. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गयी है. युवक की मौत से डुमरिया गांव में मातम पसरा है.
