निरसा में ट्रक-कार की टक्कर के बाद हंगामा, चालक से मारपीट का आरोप; दोनों पक्षों ने दी शिकायत

nirsa

निरसा. निरसा थाना क्षेत्र के सिनेमा हॉल मोड़ के पास एनएच-19 पर शनिवार की अहले सुबह करीब चार बजे ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. दुर्घटना के बाद कार सवार लोगों पर ट्रक चालक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना की सूचना मिलते ही धनबाद, आसनसोल समेत अन्य स्थानों से ट्रक चालक संगठनों से जुड़े लोग निरसा थाना पहुंचे और विरोध जताया.

ट्रक चालक मनोज कुमार साव ने कार सवार लोगों पर हथियारों से मारपीट करने, फाइनेंस कंपनी का कर्मी बताकर जबरन वसूली करने और नकद राशि छीनने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है. वहीं, हजारीबाग निवासी कार सवार लोगों ने भी ट्रक चालक पर अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाने और जान मारने की नीयत से टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है.

ये भी पढ़ें: जिला परिषद की विशेष बैठक में सदस्यों का फूटा गुस्सा, बोले- बिना बोर्ड की मंजूरी से हो रहे काम

कार से पीछा करने का ट्रक चालक ने लगाया आरोप

ट्रक चालक मनोज कुमार साव के अनुसार वह अपने सहयोगियों के साथ पश्चिम बंगाल के सरबड़ी मोड़ स्थित एक फैक्ट्री से लोहे का पाइप लेकर मध्य प्रदेश के झांसी जा रहा था. उनका आरोप है कि नियामतपुर के पास से ही कार सवार पांच लोग उनका पीछा कर रहे थे और रास्ते में कार से ट्रक को रोकने का प्रयास किया जा रहा था.

चालक के अनुसार झारखंड में प्रवेश करने के बाद सिनेमा हॉल मोड़ के पास कार ने बायीं ओर से अचानक ओवरटेक कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान दोनों वाहनों में टक्कर हो गयी और कार क्षतिग्रस्त हो गयी.

ट्रक चालक का आरोप है कि इसके बाद कार सवार पांचों लोग वाहन से उतरकर उसके साथ मारपीट करने लगे. इसी दौरान निरसा उत्तर पंचायत के मुखिया दिनेश सिंह वहां से गुजर रहे थे. उन्होंने घटना देखी और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया.

कार सवारों ने मारपीट के आरोप से किया इनकार

कार सवार पांचों लोगों ने ट्रक चालक के आरोपों से इनकार किया है. उनके अनुसार वे कौशिक अमावस्या के अवसर पर पूजा-अर्चना के लिए तारापीठ गये थे और वहां से वापस लौट रहे थे. सभी लोग हजारीबाग के रहने वाले बताये गये हैं.

कार सवारों का कहना है कि सिनेमा हॉल मोड़ के पास ट्रक ने अनियंत्रित होकर उनकी कार में टक्कर मार दी. उन्होंने ट्रक चालक के साथ मारपीट से इनकार करते हुए कहा कि चालक को रोककर केवल वाहन की क्षतिपूर्ति की मांग की जा रही थी.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती ने दोनों पक्षों से अलग-अलग पूछताछ की. दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दी गयी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.

ये भी पढ़ें: नेशनल लोक अदालत में 15.67 अरब के विवादों का निबटारा, 1.66 अरब की परिसंपत्तियों व नियुक्ति पत्र का वितरण

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है. दुर्घटना के बाद मारपीट हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरिंदम चक्रवर्ती

अरिंदम चक्रवर्ती बीते 11 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। वे निरसा क्षेत्र की खबरों की रिपोर्टिंग और संपादकीय समन्वय का दायित्व निभाते हैं। स्थानीय मुद्दों, जनसरोकार और क्षेत्रीय घटनाओं पर तथ्यपरक एवं विश्वसनीय रिपोर्टिंग उनकी प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >