निरसा बाजार फ्लाईओवर के काम पर ब्रेक, 28 मई से बंद है निर्माण; अब कब शुरू होगा काम?

निरसा बाजार में एनएच-19 फ्लाईओवर का निर्माण कार्य स्थानीय विरोध के कारण 28 मई से बंद है। जानें परियोजना की वर्तमान स्थिति और तकनीकी जांच से जुड़ी पूरी जानकारी।

निरसा बाजार में प्रस्तावित एनएच-19 फ्लाईओवर परियोजना को लेकर एनएच की ओर से जारी पत्र में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. एनसीपी नेता उमेश गोस्वामी ने एनएच के एक पत्र का हवाला देते हुए बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होने के कुछ समय बाद ही स्थानीय लोगों के भारी विरोध के कारण बंद हो गया.

एनएच के अनुसार, निरसा बाजार फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 14 मार्च 2026 को शुरू हुआ था, लेकिन 28 मई 2026 से काम बंद है. यानी करीब ढाई महीने काम चलने के बाद परियोजना पर ब्रेक लग गया. अब स्थानीय विरोध के साथ-साथ तकनीकी जांच भी फ्लाईओवर के निर्माण में अहम मुद्दा बन गई है.

किस कंपनी को मिला है फ्लाईओवर का काम ?

एनएच के पत्र के अनुसार, एनएच-19 निरसा बाजार फ्लाईओवर का कार्यादेश 19 फरवरी 2026 को एमएस एसएंडपी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड JV एमएस जीत एशिया प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है. संबंधित एग्रीमेंट 29 अगस्त 2025 का बताया गया है.

229 करोड़ रुपये है परियोजना की लागत

फ्लाईओवर परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 229.98 करोड़ रुपये बताई गई है. एनएच के अनुसार अब तक ठेकेदार को कार्य के एवज में कोई भुगतान नहीं किया गया है. हालांकि, 5 प्रतिशत मोबिलाइजेशन एडवांस 22 जून 2026 को दिया गया है.

परियोजना को पूरा करने की निर्धारित समयसीमा 16 अगस्त 2028 है. ऐसे में तय समयसीमा अभी बाकी है, लेकिन लंबे समय से निर्माण कार्य बंद रहने से परियोजना की प्रगति प्रभावित हो रही है.

कोयला खनन क्षेत्र होने के कारण पाइल फाउंडेशन की जांच

फ्लाईओवर परियोजना में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है. एनएच के पत्र के अनुसार, निरसा क्षेत्र में पहले कोयला खनन गतिविधियां संचालित रही हैं. इसी कारण फ्लाईओवर के पाइल फाउंडेशन की स्थिरता (स्टेबिलिटी) की जांच भी की जा रही है.

यह जांच इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि फ्लाईओवर की संरचनात्मक सुरक्षा और निर्माण की व्यवहारिकता पाइल फाउंडेशन की मजबूती से जुड़ी है. ऐसे में निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने से पहले तकनीकी जांच का परिणाम महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

स्थानीय विरोध से भी रुका है काम

एनएच के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों की ओर से भारी विरोध किया गया. इसके बाद 28 मई 2026 से निर्माण कार्य बंद है. स्थानीय लोगों की आपत्तियों और तकनीकी सुरक्षा से जुड़े सवालों के बीच अब परियोजना को लेकर आगे की कार्ययोजना स्पष्ट होना जरूरी है.

अब सबसे बड़ा सवाल- कब शुरू होगा काम?

निरसा बाजार के लोगों के लिए अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि फ्लाईओवर का निर्माण दोबारा कब शुरू होगा. स्थानीय लोगों की आपत्तियों का समाधान कैसे किया जाएगा और पाइल फाउंडेशन की जांच कब तक पूरी होगी, इसे लेकर एनएच और संबंधित एजेंसियों से स्पष्ट कार्ययोजना की अपेक्षा की जा रही है.

एनसीपी नेता उमेश गोस्वामी ने कहा कि एनएच के पत्र से यह स्पष्ट है कि परियोजना का निर्माण कार्य 28 मई से बंद है. ऐसे में स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ तकनीकी सुरक्षा की स्थिति स्पष्ट कर जल्द आगे की कार्रवाई होनी चाहिए.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरिंदम चक्रवर्ती

अरिंदम चक्रवर्ती बीते 11 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। वे निरसा क्षेत्र की खबरों की रिपोर्टिंग और संपादकीय समन्वय का दायित्व निभाते हैं। स्थानीय मुद्दों, जनसरोकार और क्षेत्रीय घटनाओं पर तथ्यपरक एवं विश्वसनीय रिपोर्टिंग उनकी प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >