धनबाद जिला अंतर्गत झरिया विधानसभा क्षेत्र के एना फुटबॉल ग्राउंड में एना नाइट क्लब एवं एना विवेकानंद क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय सेवन-ए-साइड (7-A-Side) फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. प्रत्येक मैच 15-15 मिनट के दो हाफ में खेला जा रहा है.
दूसरे दिन विश्वजीत स्पोर्टिंग क्लब की ओर से खेल रहे नाइजीरियाई फुटबॉलरों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा. तेज खेल, शानदार बॉल कंट्रोल और बेहतरीन गोल के दम पर उन्होंने दर्शकों को खूब प्रभावित किया.
दिन के सबसे चर्चित मुकाबले में विश्वजीत स्पोर्टिंग क्लब ने दिलनवाज इलेवन को 8-1 के बड़े अंतर से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की. मैच की शुरुआत से ही विश्वजीत स्पोर्टिंग क्लब के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और विपक्षी टीम को वापसी का मौका नहीं दिया. नाइजीरियाई खिलाड़ियों के तेज मूवमेंट, सटीक पासिंग और शानदार फिनिशिंग पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं.
टूर्नामेंट में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें ए, बी और सी ग्रुप में बांटा गया है. पहले दिन पांडे इलेवन ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली थी. अब बी और सी ग्रुप की विजेता टीमें भी सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी. वहीं, पूरे टूर्नामेंट में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को सीधे फाइनल में खेलने का मौका मिलेगा, जिससे प्रतियोगिता और भी रोमांचक हो गई है.
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य क्षेत्र की फुटबॉल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देना और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है. रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एना फुटबॉल ग्राउंड पहुंच रहे हैं और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं.
