धनबादवासियों ने पूरे उत्साह व गर्मजोशी के साथ नये साल का स्वागत किया. इस दौरान पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ी. वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस भी मुस्तैद थी.
धनबाद.
धनबादवासियों ने पूरे उत्साह और गर्मजोशी के साथ नये साल का स्वागत किया. बुधवार की देर रात तक क्लबों और होटलों में जश्न का माहौल रहा. जगह-जगह आतिशबाजी की गयी. वहीं गुरुवार को नये साल की सुबह होते ही पूजा अर्चना के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. इधर शहर के विभिन्न पार्कों और पिकनिक स्पाॅटों में सैर-सपाटे और पिकनिक के लिए सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी. गुरुवार को सुबह से ही शहर के प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन स्थलों पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला. लोग घूमने-फिरने में जुटे रहे. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पार्कों और पिकनिक स्थलों पर पुलिस की तैनाती की गई थी.बिरसा मुंडा पार्क में पहुंचे करीब आठ हजार सैलानी, वनभोज व झूलों का उठाया आनंद
बिरसा मुंडा पार्क में आठ हजार सैलानी पहुंचे
शहर के प्रमुख मनोरंजन स्थल बिरसा मुंडा पार्क में सबसे अधिक रौनक रही. यहां करीब आठ हजार सैलानी पहुंचे. बच्चों व युवाओं की मौजूदगी से पार्क गुलजार रहा. लोगों ने परिवार के साथ वनभोज का लुत्फ उठाया. वहीं झूलों और ट्रॉय ट्रेन की सवारी का आनंद लिया. यहां दिन में दो बार आयोजित लेजर म्यूजिकल शो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा.मैथन, पंचेत डैम, भटिंडा समेत अन्य पर्यटन स्थल भी रहे गुलजार
मैथन डैम में भी नये साल पर भारी भीड़ उमड़ी. परिवार संग पहुंचे लोगों ने वनभोज किया और बोटिंग व घुड़सवारी का आनंद लिया. चारों ओर उत्साह और चहल-पहल का माहौल बना रहा. इसके अलावा तोपचांची डैम में पर्यटकों ने झील के किनारे बैठकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और फोटो-वीडियो बनाते नजर आए. भटिंडा, पंचेत सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर भी दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही. पार्कों और पिकनिक स्पॉटों पर नये साल की खुशियां छायी रही.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
