भौंरा. पूर्वी झरिया क्षेत्र की सी टू पैच आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तारीकरण को लेकर भौंरा-जहाजटांड़ बस्ती के मुख्य रास्ते को काटे जाने के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन पिछले एक पखवाड़े से जारी है. रविवार की शाम धनबाद सांसद ढुलू महतो ग्रामीणों से मिलने पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं.
इस दौरान महिलाओं ने सांसद से CISF जवानों पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की. ग्रामीणों ने कहा कि प्रबंधन की ओर से बिना पूर्व सूचना के बस्ती में आने-जाने के मुख्य रास्ते को काट दिया गया है. इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद सांसद ढुलू महतो ने मौके पर मौजूद CISF जवानों को चेतावनी दी कि महिलाओं के साथ किसी भी तरह का गाली-गलौज या अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने भौंरा ओपी प्रभारी को फोन कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया.
सांसद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह मामले को लेकर संबंधित उच्च अधिकारियों से वार्ता करेंगे और समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जायेगा.
मौके पर खेमलाल महतो, गफ्फार अंसारी, जयदेव कुम्हार, रंजीत यादव, भोला मल्लाह, राजू मल्लाह, वंदना महतो, सुंदरी देवी, आदित्य गोप समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
