सदर अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर तैयार किया जायेगा. इसके लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. 31 अगस्त को जारी निविदा के तहत 15 सितंबर की शाम पांच बजे तक आवेदन किया जा सकेगा.
उसी दिन शाम 5.30 बजे निविदा खोली जाएगी. चयनित एजेंसी को ऑपरेशन थिएटर के लिए जगह तैयार करने के साथ जरूरी ढांचा और अन्य सुविधाएं स्थापित करनी होंगी. परियोजना की अवधि एक वर्ष निर्धारित की गयी है.
25 लाख का औसत कारोबार जरूरी
निविदा में भाग लेने वाली एजेंसी का पिछले तीन वर्षों का औसत वार्षिक कारोबार कम से कम 25 लाख रुपये होना चाहिए. संबंधित कार्य में कम से कम तीन वर्ष का अनुभव भी अनिवार्य किया गया है.
ये भी पढ़ें: धनबाद के गोविंदपुर, बाघमारा व कलियासोल में बनेंगी 5 ग्रामीण सड़कें, खर्च होंगे 3.74 करोड़
एजेंसी को आवेदन के साथ अनुभव प्रमाणपत्र, कारोबार से संबंधित दस्तावेज, निर्माता की अनुमति और अन्य जरूरी कागजात जमा करने होंगे. नियमों के तहत छोटी और नयी कंपनियों को अनुभव तथा कारोबार की शर्तों में निर्धारित छूट का प्रावधान भी है.
2.50 लाख रुपये की जमानत राशि
निविदा में शामिल होने के लिए 2.50 लाख रुपये की जमानत राशि निर्धारित की गयी है. एजेंसी का चयन दो चरणों में होगा. पहले तकनीकी क्षमता और दस्तावेजों की जांच की जाएगी. इसके बाद योग्य एजेंसियों के वित्तीय प्रस्ताव का मूल्यांकन होगा.
निविदा संख्या जीइएम/2026/8/7946436 है. परियोजना में जगह तैयार करने से लेकर मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर के लिए जरूरी ढांचा तैयार करने और उपकरणों की स्थापना तक का काम शामिल है.
मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
सदर अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनने से अस्पताल में शल्य चिकित्सा की सुविधा मजबूत होगी. मरीजों को बेहतर और व्यवस्थित वातावरण में ऑपरेशन की सुविधा मिल सकेगी.
जरूरी सुविधाएं अस्पताल में उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम हो सकती है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही ऑपरेशन के लिए प्रतीक्षा अवधि कम करने और अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था पर दबाव घटाने में भी यह सुविधा मददगार साबित हो सकती है.
