धनबाद से शोभित रंजन की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद के मेयर संजीव सिंह का एक अधिकारी से गुस्से में बातचीत करने का करीब एक मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में मेयर फोन पर अधिकारी से बातचीत करते हुए नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं. हालांकि, बातचीत किस अधिकारी से और किस मुद्दे को लेकर हुई, इसका स्पष्ट उल्लेख वीडियो में नहीं है. वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
अधिकारी से बोले- मेरा नाम संजीव सिंह है, पता कर लीजिए
वायरल वीडियो में मेयर अधिकारी से अपना परिचय देते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं, "मेरा नाम संजीव सिंह है, पता कर लीजिए मेरे बारे में." इसके बाद वह अधिकारी से पूछते हैं कि अभी कहां बैठे हैं. वह कहते हैं कि "अभी बताइए, 10 मिनट में आते हैं आपके पास." बातचीत के दौरान मेयर अधिकारी के बात करने के तरीके पर भी नाराजगी जताते नजर आते हैं. वह कहते हैं कि यदि "टेढ़े से बात करना है तो कोई टिकेगा भी नहीं." इसी दौरान उन्होंने कहा कि अभी हम आपको अपने नंबर से फोन करते है. ऐसा बात मत करिए कि हमको आपसे आकर बात करना पड़े.
चपरासी से भी आप कहकर बात करने की बात
वीडियो में मेयर यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि वह चपरासी से भी सम्मानपूर्वक "आप" कहकर बात करते हैं, जबकि अधिकारी उनसे इस तरह बात कर रहे हैं. बातचीत के दौरान उनके तेवर काफी नाराज नजर आ रहे हैं. करीब एक मिनट के वीडियो में मेयर और अधिकारी के बीच हुई पूरी बातचीत सामने नहीं आती है, इसलिए विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है और लोग इसे अलग-अलग तरीके से साझा कर रहे हैं. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. बातचीत का पूरा संदर्भ और अधिकारी की ओर से कही गई बात सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
