Dhanbad News: टुंडी प्रखंड मुख्यालय से सटे विद्युत सब स्टेशन में मंगलवार की रात हथियारबंद एक दर्जन अपराधियों ने कर्मियों को बंधक बना कर लाखों की लूटपाट की. अपराधियों ने पवार हाउस का मेन गेट का ताला तोड़ कर मानव दिवस कर्मी (ऑपरेटर) आशुतोष कुमार जायसवाल व हेल्पर तेजलाल गोप को बंधक बना लिया. इसके बाद दोनों को तार के सहारे खाट पर बांध दिया. दोनों के मोबाइल को छीन लिया. इसके बाद अपराधियों ने ताला तोड़ कर तेजपाल गोप के टोटो की पांच बैटरी (कीमत 60 हजार), आशुतोष का 40 हजार का मोबाइल, चांदी की चेन और पावर हाउस में रखे स्क्रैप बैटरी समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गये.
अपराधियों ने दो घंटे तक मचाया उत्पात
अपराधियों ने करीब दो घंटे तक सब स्टेशन में उत्पात मचाया. अपराधी पैनल में लगी नयी बैटरियों खोलने लगने. इससे डीसी सप्लाई बंद होने से सायरन बजने लगा. इससे घबराकर सभी अपराधी फरार हो गये. अपराधी वाहन लेकर सब स्टेशन पहुंचे थे और उसी से भाग गये. अपराधियों के भागने के बाद कर्मियों ने खुद को बंधन मुक्त किया. आशुतोष जायसवाल अपने घर पहुंचे और घटना की जानकारी विभागीय अधिकारियों व पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पेट्रोलिंग टीम पहुंची. सुबह विभाग के नव पदस्थापित सहायक विद्युत अभियंता मुरली मनोहर प्रसाद पहुंचे और टुंडी थाना में शिकायत की. टुंडी पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना टुंडी थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
