पुटकी.
मुनीडीह के भटिंडा फॉल परिसर में गुरुवार को अपराह्न करीब दो बजे कुछ युवकों ने तमिलनाडु के दो लेबर सप्लायरों से मारपीट कर और मोबाइल छीन लिये. मारपीट कर वाले छह युवक झरिया से बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे. इस दौरान फॉल की निगरानी करनेवाले युवकों ने झरिया के राजेश कुमार नामक युवक को पकड़ लिया और मुनीडीह ओपी पुलिस के हवाले कर दिया. जबकि अन्य युवक भाग गये.काम कराकर पैसे नहीं देने का लगाया आरोप
इधर हिरासत में लिए गये राजेश कुमार ने बताया कि तमिलनाडु के दोनों युवक ई अरविंद व मुत्तु स्वामी ए एल कंस्ट्रक्शन के लेबर सप्लायर हैं. उसने ई अरविंद पर साढ़े तीन माह काम कराकर पैसे नहीं देने, मारपीट करने व मोबाइल छीनने का आरोप लगाया. बताया कि ई अरविंद का संपर्क भूली ए ब्लॉक के गोपी से था, जिसने 30 मजदूरों को तमिलनाडु भेजा था. वहां ई अरविंद ने भूली, कतरास, पचगढ़ी, झरिया के युवकों को कन्याकुमारी के एक पावर प्लांट में काम पर लगाया. जून 2025 से साढ़े तीन माह तक काम करने के बाद भी युवकों को वेतन नहीं मिला. वेतन मांगने पर उनकी पिटाई की गयी. कई युवकाें का मोबाइल छीन लिया गया. बाद में किसी तरह पीड़ित युवक चंदा कर वहां से भागकर धनबाद पहुंचे. इधर तमिलनाडु के युवकों का कहना था कि उन्हें फोन कर बुलाया गया. भटिंडा फॉल लाकर उनसे मारपीट की गयी. बताया कि वे लोग गोपी को ऑनलाइन 60 हजार रुपये का भुगतान कर चुके है. जबकि धनबाद के युवकों का कहना था कि अरविंद के पास डेढ़ लाख रुपये बकाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हिरासत में लिये गये युवक व तमिलनाडु के दोनों युवकों को भी ओपी में रखा गया है.
