वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर कुर्की-जप्ती, पुलिस ने चलाया बड़ा अभियान

Dhanbad News: धनबाद के वासेपुर में फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की. हत्या, रंगदारी और फायरिंग समेत कई मामलों में आरोपी प्रिंस खान के पाकिस्तान में छिपे होने का दावा किया जा रहा है. पुलिस उसके नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कस रही है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट

Dhanbad News: धनबाद के वासेपुर इलाके में शुक्रवार को फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर पुलिस ने कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की. बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की. पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कदम धनबाद न्यायालय द्वारा जारी आदेश के आलोक में उठाया गया. सुबह से ही वासेपुर इलाके में पुलिस की हलचल तेज हो गई थी. बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच प्रिंस खान के आवास पर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. कार्रवाई के दौरान आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा होती रही.

कई गंभीर मामलों में आरोपी है प्रिंस खान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. धनबाद के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ कई प्राथमिकी पहले से दर्ज हैं. बताया गया कि अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण न्यायालय ने उसके खिलाफ कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया था. इसी आदेश के तहत पुलिस टीम उसके वासेपुर स्थित घर पहुंची और कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया.

पहले भी हो चुकी है कुर्की-जप्ती

पुलिस के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब प्रिंस खान के ठिकानों पर कार्रवाई की गई हो. इससे पहले भी पुलिस कई बार उसके घर और अन्य संभावित ठिकानों पर कुर्की-जप्ती कर चुकी है. अधिकारियों ने बताया कि बार-बार की कार्रवाई के कारण घर में कोई विशेष सामान नहीं मिला. हालांकि पुलिस का कहना है कि लगातार दबाव बनाने के उद्देश्य से यह अभियान जारी रखा गया है ताकि उसके नेटवर्क को पूरी तरह कमजोर किया जा सके. पुलिस ने यह भी कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई होती रहेगी.

पाकिस्तान में छिपे होने का दावा

धनबाद पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में छिपकर रह रहा है और वहीं से अपने गिरोह का संचालन कर रहा है. पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए वह अपने नेटवर्क से संपर्क बनाए हुए है. हाल के दिनों में प्रिंस खान ने सोशल मीडिया के माध्यम से धनबाद के एसएसपी पर अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे. हालांकि पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को निराधार बताया था.

इसे भी पढ़ें: रांची में सजा बंगला संस्कृति का रंग, जेल पार्क में तीन दिवसीय मेला शुरू

गिरोह पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रिंस खान के गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उसके कई गुर्गों और सहयोगियों को हाल के दिनों में गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा कई संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है. धनबाद पुलिस का कहना है कि अपराध और रंगदारी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई की जा रही है. आने वाले दिनों में गैंग से जुड़े अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग के सरकारी गर्ल्स स्कूल में फीस के नाम पर अतिरिक्त वसूली, अभिभावक नाराज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >