आईआईटी-आईएसएम धनबाद में खेलो इंडिया संवाद, युवाओं ने खेल और विकसित भारत पर किया संवाद

IIT ISM धनबाद में 'खेलो इंडिया संवाद' कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें युवाओं ने खेल, फिटनेस और देश के विकास में अपनी भूमिका पर चर्चा की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर 2036 ओलंपिक की तैयारी और खेल के जीवन महत्व पर जोर दिया.

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बुधवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यापीठ), धनबाद में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने खेल, फिटनेस, खेल प्रतिभाओं के विकास और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर चर्चा की.

प्रधानमंत्री के संवाद का हुआ सीधा प्रसारण

कार्यक्रम में धनबाद सांसद ढुलू महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. आईआईटी-आईएसएम के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने उनका स्वागत किया. इस दौरान देशभर के प्रतिभागियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया संवाद को वर्चुअल माध्यम से देखा और सुना गया.

प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया को देशभर की खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया. उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा और देश की ताकत को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने का माध्यम हैं.

2036 ओलंपिक की तैयारी पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन खेलों में भारत की भागीदारी अभी कम है, उनमें भी युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाना चाहिए. बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को समय रहते पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सहयोग देने की जरूरत है. 2036 ओलंपिक की तैयारी के लिए वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभा पहचान और खिलाड़ियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

उन्होंने खेलों के जीवन से जुड़े महत्व पर भी जोर दिया. कहा कि खेल युवाओं को अच्छा प्रतियोगी बनना, हार से सीखना और दोबारा खड़े होकर आगे बढ़ना सिखाते हैं. उन्होंने युवाओं को स्क्रीन से दूरी बनाकर खेल मैदान और फिटनेस को प्राथमिकता देने का संदेश दिया.

सांसद ने युवाओं से खेल को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि खेल और युवा शक्ति देश के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने खेल के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों और खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन का जिक्र करते हुए युवाओं से खेल और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की.

खेलो इंडिया संवाद में शामिल सांसद ढुल्लू महतो

उन्होंने अपने युवावस्था के दिनों को याद करते हुए कहा कि वे भी फुटबॉल खेलते थे. खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना सीखने का अवसर मिलता है. उन्होंने युवाओं से खेल के साथ देश और समाज के विकास में भी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया.

खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में एमवाई भारत के उप निदेशक सूर्यकांत कुमार, धनबाद के जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, एनआईसी की डीआईए पूनम कुमारी, अंतरराष्ट्रीय पेंटाथलॉन की स्वर्ण पदक विजेता अनु कुमारी, राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी राज संचू राजवार, खेलो इंडिया से जुड़े पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी मोहम्मद आजाद और किशोर गोप मौजूद रहे.

आईआईटी-आईएसएम के उप निदेशक प्रो. शरद के. दास, कुलसचिव प्रबोध पांडेय, सांसद प्रतिनिधि मिल्टन पार्थ सारथी, संस्थान के शिक्षक, अधिकारी, छात्र, खेल प्रेमी और अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

1,600 स्थानों पर आयोजित हुआ देशव्यापी संवाद

देशभर में करीब 1,600 स्थानों पर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और एमवाई भारत के स्वयंसेवक जुड़े. आईआईटी-आईएसएम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतिभा की पहचान, खिलाड़ियों के विकास, फिटनेस और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा हुई. विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों की मौजूदगी ने विद्यार्थियों को उनके अनुभवों से सीखने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष कुमार

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >