धनबाद. आइआइटी आइएसएम धनबाद में बुधवार को विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये. कार्यक्रम की शुरुआत शताब्दी पार्क में पौधरोपण से हुई. हॉर्टिकल्चर सेक्शन की ओर से आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में संस्थान के रजिस्ट्रार प्रबोध पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान पर्यावरण विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख एवं इआइएसीपी सेंटर के कोऑर्डिनेटर प्रो. आलोक सिन्हा, प्रो. सुनील कुमार गुप्ता तथा सेंटर के को-कोऑर्डिनेटर प्रो. सुरेश पांडियन मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: नवरात्र से पहले धनबाद की सड़कों का हाल बेहाल, क्या पूजा तक गड्ढों और जलजमाव से मिल पाएगी राहत?
ग्लोबल एक्शन फॉर अ कूलर प्लैनेट रही थीम
इसके बाद पर्यावरण विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के इआइएसीपी प्रोग्राम सेंटर की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये. पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘ग्लोबल एक्शन फॉर अ कूलर प्लैनेट’ रखी गयी थी. इसमें आइआइटी आइएसएम के यूजी और पीजी विद्यार्थियों के साथ एसएसएलएनटी महिला महाविद्यालय, आरएस मोर कॉलेज, पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज और बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय समेत विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया.
ओजोन परत की सुरक्षा पर दिया की-नोट लेक्चर
प्रो. सुरेश पांडियन ने ‘धरती को ठंडा रखने के लिए वैश्विक प्रयास’ विषय पर की-नोट लेक्चर दिया. उन्होंने विद्यार्थियों को ओजोन परत के संरक्षण, मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल और किगाली अमेंडमेंट के साथ जलवायु परिवर्तन से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी. उन्होंने ओजोन परत की सुरक्षा के लिए वैश्विक स्तर पर किये जा रहे प्रयासों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी चर्चा की.
क्विज और पीपीटी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए ओजोन डे क्विज और पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता आयोजित की गयी. विभिन्न संस्थानों से आये विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में हिस्सा लिया और ओजोन परत तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी समझ प्रस्तुत की. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मिशन लाइफ की शपथ ली और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया.
ये भी पढ़ें: BIT Sindri SIH 2026: 105 टीमों के बीच दिखा जबरदस्त मुकाबला, 45 टीमों का अगले चरण के लिए चयन
