Dhanbad: राम नवमी को लेकर हाई अलर्ट, पूरे शहर में पुलिस का फ्लैग मार्च

Dhanbad: रामनवमी से एक दिन पहले धनबाद में पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का एक नमूना दिखाया. एसएसपी प्रभात कुमार ने लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण में रामनवमी मनाने की अपील की है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

प्रतीक पोपट
Dhanbad: राम नवमी के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम से एक विशाल और प्रभावशाली फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसने पूरे शहर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था का मजबूत संदेश दिया. इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से किया. उनके साथ जिले के तमाम वरीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

फ्लैग मार्च में बाइक सवार पुलिस दल भी शामिल

फ्लैग मार्च में शामिल सभी अधिकारी और जवान बाइक पर सवार होकर शहर के प्रमुख, भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरे. यह मार्च कोर्ट मोड़, बेकारबांध, झाड़ूडीह, बाबूडीह, विनोद बिहारी चौक, भूली, आरा मोड़, पांडरपाला, आजाद नगर, रहमतगंज, वासेपुर, नया बाजार, बैंक मोड़, पुराना बाजार, जोड़ाफाटक, धनसार और शास्त्री नगर जैसे क्षेत्रों में निकाला गया. इन इलाकों में पुलिस की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का एहसास और विश्वास दोनों बढ़ा.

दंगा नियंत्रण दल भी रहेगा तैनात

फ्लैग मार्च के दौरान उपायुक्त आदितु रंजन ने स्पष्ट संदेश दिया कि राम नवमी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व को सभी लोग आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं. किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ बयान या असामाजिक गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सीनियर एसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, क्यूआरटी (Quick Response Team), दंगा नियंत्रण बल और सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. साथ ही, कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर है.

संदिग्ध गतिविधि की जानकारी 112 पर दें

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को डायल 112 पर दें. साथ ही, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहें और किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करें. अंत में पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों ने यह भी दोहराया कि कानून व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में शांति भंग नहीं होने दी जाएगी. राम नवमी का पर्व जिले में पूरी गरिमा, उल्लास और सुरक्षा के साथ मनाया जाए, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

ये भी पढ़ें…

साहिबगंज के बाद धनबाद कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन में हड़कंप

रामनवमी के जुलूस के दौरान रांची में नहीं कटेगी बिजली, इन हेल्पलाइन नंबरों पर कर सकते हैं फोन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >