Dhanbad News: झमाझम बारिश, ओलावृष्टि ने दिलायी गर्मी से राहत, जल जमाव से परेशानी
जिले में रविवार को अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में जल जमाव से परेशानी भी बढ़ गयी. रविवार को दिन में धूप व बादलों के बीच आंख-मिचौनी का दौर चलता रहा, हालांकि गर्मी भी काफी थी. वहीं दोपहर बाद करीब 4.30 बजे से अचानक मौसम बदल गया और तेज गरज के साथ हुई झमाझम बारिश हुई.
ओलावृष्टि भी हुई
झमाझम हुई बारिश से सड़कों पर आवाजाही कुछ देर के लिए प्रभावित हुई. लगभग 5:22 बजे शहर के कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी शुरू हो गयी. अचानक ओला गिरने से लोग वाहनों को रोककर सुरक्षित स्थान पर रूक गये. कई जगहों पर लोगों ने ओलों को हाथ में लेकर मौसम का आनंद लिया.
जलजमाव से हुई परेशानी
बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गयी. गया पुल, सरायढेला, धनबाद क्लब के पास, आइआइटी के आसपास, पुलिस लाइन समेत कई अन्य जगहों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया. जलजमाव से जहां वाहनों की रफ्तार धीमी हो गयी, वहीं लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ जगहों पर बाइक व छोटे वाहनों को पानी से होकर गुजरना पड़ा.
19 व 20 को भी हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज बदला रह सकता है. विभाग ने 19 व 20 मार्च को भी बारिश की संभावना जतायी है. ऐसे में लोगों को मौसम के उतार-चढ़ाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गयी है.
आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.