Dhanbad News: एसएनएमएमसीएच : प्लेट खत्म होने से सरकारी एक्स-रे सेवा हुई ठप

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के रेडियोलॉजी विभाग में संचालित एक्स-रे केंद्र की सेवा को इसके लिए आवश्यक प्लेट खत्म हो जाने पर गुरुवार से बंद कर दी गयी.

धनबाद.

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) के रेडियोलॉजी विभाग में संचालित एक्स-रे केंद्र की सेवा को इसके लिए आवश्यक प्लेट खत्म हो जाने पर गुरुवार से बंद कर दी गयी. एसएनएमएमसीएच प्रबंधन के अनुसार एक्स-रे प्लेट के पहुंचने पर ही केंद्र में सेवा बहाल हो पायेगी. यहां मात्र 50 रुपये में ओपीडी के मरीजों का हर तरह का एक्स-रे किया जाता है. सेवा बंद होने से मरीजों को अब अस्पताल परिसर में पीपीपी मोड पर संचालित मणिपाल हेल्थ मैप के केंद्र में ज्यादा पैसे देकर एक्स-रे कराना होगा.

हेल्थ मैप केंद्र में एक्स-रे के लिए चुकाने होंगे 127 से 300 रुपये

अस्पताल परिसर में पीपीपी मोड पर संचालित मणिपाल हेल्थ मैप के केंद्र में एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध है. हालांकि, एक्स-रे कराने के लिए मरीजों को 127 रुपये से लेकर 300 रुपये तक चुकाने होंगे.

इंडोर के मरीजों को भी एक्स-रे के लिए चुकाने होंगे पैसे

एसएनएमएमसीएच के विभिन्न विभागों में भर्ती मरीजों को रेडियोलॉजी विभाग के केंद्र में एक्स-रे की सुविधा नि:शुल्क प्रदान की जाती है. वर्तमान में यहां सेवा बंद होने से इंडोर के मरीजों को पैसे देकर पीपीपी मोड पर संचालित केंद्र में एक्स-रे कराना होगा.

बीपीएल कार्ड धारकों को मिलेगी नि:शुल्क सेवा

एसएनएमएमसीएच के रेडियोलॉजी विभाग अंतर्गत संचालित केंद्र में बीपीएल कार्ड धारकों को नि:शुल्क एक्स-रे की सुविधा मिलती है. पीपीपी मोड पर संचालित केंद्र में लाल कार्ड धारकों के लिए यह सुविधा बहाल नहीं थी. ऐसे में अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने मणिपाल हेल्थ मैप प्रबंधन को लाल कार्ड धारकों काे एक्स-रे सुविधा नि:शुल्क प्रदान करने का निर्देश गुरुवार को दिया है. लाल कार्ड धारकों के एक्स-रे के एवज में एसएनएमएमसीएच प्रबंधन कंपनी को भुगतान करेगी.

एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने कहा कि प्लेट की खरीदारी के लिए टेंडर निकाला गया है. जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. प्लेट नहीं पहुंचने तक मरीजों को पैसे देकर हेल्थ मैप के केंद्र में एक्स-रे कराना होगा. लाल कार्ड धारकों को यह सेवा नि:शुल्क प्रदान करने का निर्देश जारी किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >