धनबाद : शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक के बीच एक पांच वर्षीय बच्ची की मौत से गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं. 24 अगस्त को आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में घायल हुई बच्ची की शुक्रवार को मौत हो गयी. हमले के बाद उसका इलाज धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में कराया गया था. इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी और वह घर लौट आयी थी.
बताया गया कि तीन दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए बोकारो के एक अस्पताल ले गये. वहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी. बच्ची की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है.
जगजीवन नगर में 10-15 कुत्तों ने किया था हमला
24 अगस्त को जगजीवन नगर न्यू कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर और आरएसएस कार्यालय के पास वह अपनी बहन के साथ ग्राउंड की ओर जा रही थी. इसी दौरान 10-15 आवारा कुत्तों के झुंड ने पीछे से उस पर हमला कर दिया था. बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे कुत्तों से बचाया था.
ये भी पढ़ें: धनबाद में अवैध लॉटरी का नेटवर्क! मोबाइल पर बुकिंग, घर तक डिलीवरी; बरोरा में टिकट छपने का दावा
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी. हमले के बाद बच्ची को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच ले जाया गया था.
मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
कुत्तों के हमले के बाद इलाज करा चुकी बच्ची की तीन दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गयी. हालांकि उसकी मौत का चिकित्सकीय कारण क्या रहा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आयी है. इसलिए मौत को सीधे तौर पर कुत्तों के हमले से जोड़ने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.
घटना के बाद शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनकी रोकथाम को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
