उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार की सुबह शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर की वीआईपी कॉलोनी से 52 कैन बीयर के साथ धनबाद की चार महिलाओं को गिरफ्तार किया. बरामद सभी कैन 500 एमएल के हैं, जिनमें करीब 25 लीटर बीयर है. उत्पाद विभाग की पुलिस के अनुसार, चारों महिलाएं पटना इंटरसिटी ट्रेन से बीयर लेकर जमुई पहुंची थीं.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि धनबाद की कुछ महिलाएं शराब कारोबार से जुड़ी हैं और बीयर की खेप लेकर जमुई आने वाली हैं. सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग के पुलिस अधीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गयी.
बताया गया कि चारों महिलाएं जमुई रेलवे स्टेशन से बीयर लेकर टोटो से शहर की ओर जा रही थीं. वीआईपी कॉलोनी के पास पुलिस टीम को देखते ही महिलाएं भागने लगीं. पुलिस ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया और पूछताछ के लिए उत्पाद विभाग थाना ले गयी.
गिरफ्तार महिलाओं में धनबाद निवासी राणा शाह की पत्नी खुशबू देवी (32), ओम प्रकाश कुमार की पत्नी रूपा कुमारी (27), शिव कुमार सिंह की पत्नी रिया देवी (33) और मनोज लोहार की पत्नी कल्पना देवी (45) शामिल हैं.
दो महिलाओं का पहले से आपराधिक इतिहास
उत्पाद विभाग के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दो महिलाओं के पूर्व में भी धनबाद में शराब कारोबार से जुड़े होने की जानकारी मिली है. पुलिस के मुताबिक, दोनों को पूर्व में धनबाद पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम चारों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है. सभी को मंगलवार को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है.
