पाथरडीह स्थित सेल चासनाला कोलियरी के टासरा रेलवे साइडिंग में हाइवा की चपेट में आने से 40 वर्षीय खलासी शंकर मल्लिक की मौत के मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक की पत्नी जया देवी ने पार्षद प्रतिनिधि अजित महतो के साथ पाथरडीह थाना पहुंचकर हाइवा संख्या JH 10 AA 7313 और उसके चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है.
तेज रफ्तार हाइवा ने मारी टक्कर, घटनास्थल पर मौत
शिकायत में जया देवी ने बताया कि उनके पति शंकर मल्लिक 17 अगस्त को सेल कोलियरी डिवीजन के अधीन जीटीएस कोल सेल्स कंपनी में हेल्पर के पद पर कार्यरत थे. इसी दौरान टासरा रेलवे साइडिंग स्थित कार्यस्थल पर तेज रफ्तार हाइवा चालक ने उन्हें धक्का मार दिया. हादसे में शंकर गंभीर रूप से घायल हो गये और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पाथरडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने हाइवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है.
