धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट
Dhanbad News: धनबाद के तोपचांची झील में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया, जहां डूबते युवक को बचाने के प्रयास में एक और युवक की जान चली गई. इस हादसे में दो युवकों की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवकों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं.
नहाने के दौरान हुआ हादसा
मृतकों की पहचान झरिया कोयरी बांध निवासी कोयला व्यवसायी संदीप झुनझुनवाला के 22 वर्षीय बेटे अमन झुनझुनवाला और गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गांव बस्ती निवासी 22 वर्षीय अरमान आलम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अमन अपने दोस्तों रुद्र कुमार साव और प्रियांशु कुमार के साथ घूमने के लिए तोपचांची झील पहुंचा था। लीची बागान में खाना खाने के बाद अमन नहाने के लिए झील में उतरा, लेकिन इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों के शोर मचाने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
अरमान ने दिखाई बहादुरी, लेकिन नहीं बच सकी जान
मौके पर मौजूद अरमान आलम ने इंसानियत और बहादुरी की मिसाल पेश करते हुए बिना देर किए झील में छलांग लगा दी. अरमान ने अमन को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों ही झील में डूब गए.
एक-दूसरे से लिपटे मिले दोनों युवक
घटना की सूचना मिलते ही तोपचांची पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव झील से बाहर निकाले गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो उठे. अरमान को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जबकि अमन को असर्फी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से झील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में बोले प्रभात खबर के प्रधान संपादक अंकित शुक्ला – संवाद का तरीका ही निर्णायक
इसे भी पढ़ें: पलामू में अपराधियों के हौसले बुलंद: रेहला में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर
