बरोरा से प्रहलाद बरनवाल की रिपोर्ट
Fake Sadhu Theft Dhanbad: धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र के बीसीसीएल हरिणा बगान कॉलोनी में साधु का वेश धारण कर महिला को झांसे में लेकर मंगलसूत्र का लॉकेट ठगने वाले गिरोह का बरोरा पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने तीन बहुरूपिये साधुओं को गिरफ्तार कर चोरी गया करीब तीन ग्राम सोने का लॉकेट (मंगलसूत्र) बरामद कर लिया. गिरफ्तार तीनों आरोपितों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
साधु बनकर पहुंचे, महिला का मंगलसूत्र लेकर फरार
शनिवार को बरोरा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 28 जुलाई को दो युवक साधु के वेश में हरिणा कॉलोनी स्थित संजीव प्रसाद के घर पहुंचे थे. दक्षिणा मांगने के बहाने उन्होंने घर की महिला को बातों में उलझाया और गले से करीब तीन ग्राम का सोने का लॉकेट (मंगलसूत्र) लेकर फरार हो गये. पीड़ित की लिखित शिकायत पर 31 जुलाई को बरोरा थाना में कांड संख्या 40/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी.
छापेमारी में तीन बहुरूपिये गिरफ्तार, चोरी का लॉकेट बरामद
डीएसपी ने बताया कि ग्रामीण एसपी के निर्देश पर बाघमारा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। कतरास अंचल निरीक्षक रूस्तम अंसारी के नेतृत्व में लगातार छापेमारी कर हरिणा बस्ती से तीन संदिग्ध बहुरूपियों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उनकी निशानदेही पर चोरी गया लॉकेट बरामद हुआ, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
तीन बहुरूपिये गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में बिहार के रोहतास जिला अंतर्गत आमझौर थाना क्षेत्र के रकियान बिगहा निवासी सत्येंद्र लाठौर (44), सुमन कुमार (23) तथा इंदल लाठौर (46) शामिल हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपितों ने धनबाद या आसपास के जिलों में इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं. प्रेस वार्ता में कतरास अंचल निरीक्षक रूस्तम अंसारी, बरोरा थाना प्रभारी अभय कुमार सहित छापेमारी दल के पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: पारा मेडिकल छात्रों का प्रदर्शन,स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मांगें पूरी करने का दिया भरोसा
ये भी पढ़ें: शिबू सोरेन की याद में सजेगा विश्व आदिवासी दिवस, ट्राइबल फैशन शो से लेकर बिरसा चौक तक निकलेगी भव्य जतरा
