Dhanbad Fire News: झारखंड के धनबाद जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र की बलियापुर रोड पर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के लिए काम करने वाली कंपनी लेजर पावर के एक ठेकेदार के गोदाम में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गोदाम में रखे ट्रांसफॉर्मर, केबल, बिजली के तार समेत बिजली के कई कीमती सामान जल गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
सुबह अचानक भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया. इसके कुछ ही देर बाद आग की लपटें तेज हो गईं. आग इतनी अधिक तेज हो गई कि आसपास के इलाके में धुंआ-धुंआ ही दिखाई देने लगा. आगजनी की घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सरायढेला थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया.
दमकल को दी गई सूचना
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को भी सूचना दी गई. दमकल की गाड़ियों के पहुंचने तक पुलिस और स्थानीय लोग आग को फैलने से रोकने के प्रयास में जुटे रहे. गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई.
इसे भी पढ़ें: Chaibasa Crime News: झारखंड के सारंडा में कोबरा बटालियन के साथ नक्सलियों की मुठभेड़, 10 नक्सली ढेर
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है. सरायढेला थाना पुलिस का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर कारणों की पुष्टि की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: Dhanbad Crime News: धनबाद की पुटकी में गोलीबारी में 45 साल के व्यक्ति की मौत, पड़ोसी पर हत्या का आरोप
