Dhanbad News: कांड्रा-बगुला के बीच 33 केवीए मेनलाइन पर गिरा पेड़, कई इलाकों में रहा ब्लैक आउट

Dhanbad News: शहर के विभिन्न इलाकाें में आयी खराबी से देर रात तक ठप रही विद्युत आपूर्ति, लोगों को हुई भारी परेशानी.

धनबाद, बुधवार की शाम आंधी के साथ हुई बारिश से लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में बिजली सेवा पूरी तरह ठप हो गयी. गोविंदपुर के कांड्रा ग्रिड से सरायढेला के बगुला स्थित सबस्टेशन तक आने वाली 33 केवीए मेनलाइन पर पेड़ गिर गया. इससे तारों को नुकसान पहुंचा. कांड्रा ग्रिड से बगुला सबस्टेशन तक आने वाली मेनलाइन से सुगियाडीह और कुसुम विहार पीएसएस को बिजली आपूर्ति की जाती है. मेनलाइन ब्रेकडाउन होने की वजह से बगुला समेत सुगियाडीह और कुसुम विहार सबस्टेशन को होने वाली बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गयी. देर रात तक इन सबस्टेशन संबंधित इलाकों में ब्लैक आउट की स्थिति बनी रही. आधी रात खराबी को दूर कर धीरे-धीरे विभिन्न सबस्टेशनों में बिजली आपूर्ति बहाल की गयी. कार्मिक नगर, सहयोगी नगर, वनस्थली कॉलोनी, रघुवर नगर, वृंदावन कॉलोनी, तपोवन कॉलोनी, कुसुम विहार समेत विभिन्न इलाकों में देर रात तक बिजली गुल रही.

30 से ज्यादा जगहों पर तारों पर डाल गिरने से बाधित रही बिजली

वहीं भूली में बिजली के एलटी तार पर पेड़ गिर गया. इससे तार क्षतिग्रस्त हो गया. इसके अलावा शहर के 30 से ज्यादा जगहों पर बिजली के तारों पर पेड़ के डाल टूट कर गिर गये. डीवीसी के अलग-अलग ग्रिड की ट्रांसमिशन लाइन में भी खराबी आने से शहर में बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही.

इन जगहों पर तार पर गिरी डाल

गोल बिल्डिंग, बलियापुर रोड, हीरक, सरायढेला, धैया, बरमसिया, भूदा, दामोदरपुर, सुगियाडीह, कुसुम विहार, लिपिडीह, कोलाकुसमा समेत 30 से ज्यादा जगहों पर बिजली के तार पर पेड़ की डाल टूट कर गिर गयी. देर रात तक तार पर से पेड़ की डाल हटाने का काम जारी था.

लोकल फॉल्ट रात में दूर नहीं हो सका

शहर के कुसुम विहार, हंस विहार के पीछे का इलाका, प्रेम नगर, माडा कॉलोनी, नावाडीह पाल नगर, वासेपुर, नया बाजार, बैंक मोड़, मनईटांड़, लोहारकुल्ही आदि समेत कई इलाकों में बुधवार को लोकल फॉल्ट आने की सूचनाएं जेबीवीएनएल के कॉल सेंटर में दर्ज की गयी. हालांकि, देर रात तक बिजली कर्मियों द्वारा शहर में आयी बड़ी खराबी को दुरुस्त किया गया. वहीं लोकल फॉल्ट को दुरुस्त नहीं किया जा सका.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >