पुटकी, पुटकी बाजार चेंबर ऑफ कॉमर्स का चुनाव सोमवार को पुराना मिडिल स्कूल स्थित चेंबर कार्यालय में हुआ. देर शाम परिणाम भी जारी किए गए. अध्यक्ष पद पर चांद परवेज ने अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार शाहरुख खान को 40 वोटों से हराकर जीत हासिल की. वहीं महासचिव पद पर कुमार संभव सिंह ने विकास वर्मा उर्फ विक्की वर्मा को 61 वोट से हराया. जबकि कोषाध्यक्ष पद पर पंकज बर्णवाल निर्विरोध चुने गये. विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन पदाधिकारियों ने प्रमाण पत्र दिया. यह टीम पुटकी चेंबर के बागडोर दो वर्ष के लिए (2026-28) संभालेगी. चुनाव गहमागहमी व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ. चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुटकी पुलिस की मौजूदगी रही. जबकि मतगणना के समय थाना प्रभारी वकार हुसैन भी उपस्थित रहे. पूरी प्रक्रिया जिला चेंबर द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों की देखरेख में हुई. पर्यवेक्षक मंडल में जिला महासचिव अजय नारायण लाल, जिला उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, लोयाबाद चेंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव सुनील पांडेय, केंदुआ चें ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रंजीत मद्धेशिया, कोषाध्यक्ष उपेंद्र श्रीवास्तव, खाद्यान्न व्यवसाय संघ के अध्यक्ष विनोद गुप्ता व सचिन विकास कंधवे शामिल थे. चुनाव में कुल 431 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. 18 राउंड में मतगणना की गयी. कुल 426 वैध मतों में चांद परवेज को 233 व शाहरुख खान को 193 मत प्राप्त हुए. महासचिव पद के लिए कुमार संभव सिंह, विकास वर्मा और निरंजन शर्मा मैदान में थे. इस पद पर छह मत रद्द हुए. कुल 425 वैध मतों में कुमार संभव सिंह को 187, विकास वर्मा को 126 तथा निरंजन शर्मा को 112 मत मिले. परिणाम घोषित होते ही व्यवसायियों ने चुने गए प्रत्याशियों को फूल माला से लाद लिया.
Dhanbad News: पुटकी चेंबर चुनाव : चांद परवेज अध्यक्ष व कुमार संभव सिंह बने महासचिव
Dhanbad News: गहमागहमी व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ चुनाव, विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन पदाधिकारियों ने प्रमाण पत्र दिया.
