Dhanbad News: धनबाद मंडल कारा के शैडो एरिया की भी सीसीटीवी से होगी निगरानी

Dhanbad News: जेल आइजी सुदर्शन मंडल ने मंडलकारा का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर दिया जोर, कैदियों को फोन व मुलाकात में राहत, खान-पान और साफ-सफाई पर सख्त निर्देश.

धनबाद, जेल आइजी सुदर्शन मंडल ने शुक्रवार को धनबाद मंडल कारा का औचक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उनके अचानक पहुंचने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. अधिकारी तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गये. इस दौरान आइजी ने सुरक्षा, सुविधाओं व अनुशासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की. आइजी श्री मंडल ने स्पष्ट किया कि जेल की सुरक्षा को लेकर लगातार कड़े कदम उठाये जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि पहले ही जेल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाये जा चुके हैं और आने वाले दिनों में जेल के शैडो एरिया को भी सीसीटीवी की निगरानी में लाया जाएगा. इससे जेल के हर हिस्से पर नजर रखना संभव होगा. किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी.

सुरक्षा ओर निगरानी में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

आइजी ने जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बंदियों की सुरक्षा व निगरानी में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते रहें.

हर दिन बात की सुविधा, बढ़ा मुलाकात का समय

कैदियों को दी जा रही सुविधाओं पर भी आइजी ने विशेष ध्यान आकृष्ट कराया. उन्होंने बताया कि अब बंदियों को प्रतिदिन अपने परिजनों से फोन पर बातचीत करने की सुविधा दी जा रही है. इससे वे मानसिक रूप से बेहतर महसूस कर रहे है. इसके अलावा मुलाकात व्यवस्था में भी राहत दी गयी है. पहले जहां बंदी 15 दिनों में एक बार परिजनों से मिल पाते थे. वहीं अब सप्ताह में दो बार मुलाकात की अनुमति दी गयी है.

परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का लिया जायजा

आइजी ने जेल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कैदियों के लिए बनाये जा रहे नये बैरकों और कार्यालय भवन की प्रगति की जानकारी ली और कार्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत संरचना से जेल प्रबंधन को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी.

जेल के मैनुअल के अनुसार बंदियों को परोसा जाये भोजन

आइजी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खान-पान की व्यवस्था की भी जांच की गयी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल मैनुअल के अनुसार सभी बंदियों को समय पर और निर्धारित गुणवत्ता का भोजन मिलना अनिवार्य है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भोजन वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. हर बंदी तक समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंचना सुनिश्चित किया जाये. इसके अलावा उन्होंने साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >