Dhanbad news : पहले दिन 140 सैंपलों की हुई जांच, गड़बड़ी मिलने पर खाद्य सामग्री करायी गयी नष्ट

Dhanbad news : जिले में लोगों को सुरक्षित व शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से रविवार से विशेष जांच अभियान शुरू किया गया.

धनबाद, जिले में लोगों को सुरक्षित व शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से रविवार से विशेष जांच अभियान शुरू किया गया. खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनबाद डॉ राजा कुमार के नेतृत्व में ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ के माध्यम से जिलेभर के स्ट्रीट फूड दुकानों व खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गयी. होटल, ठेला, फास्ट फूड स्टॉल, मिठाई दुकान, रेस्टोरेंट समेत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में तैयार किये जा रहे खाद्य पदार्थों के नमूनों की मौके पर ही जांच हुई.

जांच के क्रम में कई स्टॉल्स में चंपई रंग द्वारा बनाए हुए छोले, चिकन एवं अन्य खाद्य सामग्री को स्पॉट पर ही नष्ट करवाया गया. साथ ही सभी को फूड लाइसेंस बनवाने का आदेश दिया गया. जांच टीम में फूड एनालिस्ट शुभम, रोहित और पंकज मौजूद थे. रविवार को कुल 140 से ज्यादा सैंपल तथा छोले, चिकन, हल्दी, गुपचुप का मसाला, पानी, रसगुल्ला, लड्डू, समोसा का मसाला, चटनी आदि की जांच ऑनस्पॉट की गयी. अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा कार्यालय से राहुल कुमार पासवान, राहुल कुमार और प्रिंस भी मौजूद रहे. फूड सेफ्टी अधिकारी ने बताया कि खाद्य गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जायेगी.

रांची से पहुंची है फूड सेफ्टी ऑन व्हील लैब

खाद्य सुरक्षा विभाग को जांच अभियान के लिए रांची से ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ मोबाइल लैब उपलब्ध करायी गयी है. इस अत्याधुनिक मोबाइल लैब में खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच के लिए जरूरी उपकरण लगाये गये हैं. अभियान में फूड एनालिस्ट भी मौजूद रहेंगे, जो मौके पर ही खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच करेंगे. तेल, मसाला, दूध, मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की तुरंत रिपोर्ट तैयार की जाएगी. इससे मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी.

लोगों से भी सतर्क रहने की अपील

डॉ कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना भी है. उन्होंने दुकानदारों से स्वच्छता मानकों का पालन करने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपयोग करने की अपील की है. विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय पर जांच कर कार्रवाई की जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >