धनबाद मेयर चुनाव में संजीव सिंह का बजा डंका, 31902 वोट से जीते

Dhanbad Municipal Corporation Election Result 2026: पूर्व विधायक संजीव सिंह धनबाद के मेयर बन गए हैं. उन्होंने चंद्रशेखर अग्रवाल को 31000 से अधिक वोट से हराकर चुनाव में जीत दर्ज की है. उन्होंने कहा कि यह किसी पार्टी या व्यक्ति की नहीं, बल्कि जनता की जीत है.

Dhanbad Municipal Corporation Election Result 2026: धनबाद के हाई प्रोफाइल मेयर चुनाव में पूर्व विधायक संजीव सिंह ने 319.2 वोट से जीत दर्ज कर ली है. उन्होंने अपने निकटतम प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल को मात दी है. संजीत सिंह हर राउंड में आगे चल रहे थे और आठ राउंड की गिनती के बाद ही उन्हें लगभग जीता हुआ मान लिया गया था. आखिर में 10 राउंड की गिनती के बाद संजीव सिंह 31000 से ज्यादा मतों से विजयी घोषित हुए. उन्होंने अपनी जीत पर जनता का अभिवादन किया, जबकि बाकी प्रत्याशियों ने जनता के फैसले का स्वीकार करते हुए अपनी हार मानी.

धनबाद की जनता मेरी पूंजी, हर सपने को करूंगा साकार : संजीव सिंह

परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह ने अपनी ऐतिहासिक जीत का श्रेय पूरी तरह जनता को दिया. उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति या दल की नहीं, बल्कि धनबाद की जनता की जीत है, जिसने अपने मत की ताकत से अव्यवस्था को चुनौती दी है. संजीव सिंह ने कहा, ‘धनबाद की जनता मेरी पूंजी है, उसे संवार कर रखूंगा. इस चुनाव में असल में कोई प्रत्याशी नहीं, बल्कि खुद जनता मैदान में थी. जनता ने मुझे नहीं, अपने सपनों को जिताया है.’ उन्होंने खुद को जनता का समर्थित उम्मीदवार बताते हुए कहा कि मतदाताओं ने बदलाव, पारदर्शिता और जवाबदेही के पक्ष में मतदान किया है. अब नगर निगम को अव्यवस्था से निकालकर व्यवस्था की राह पर ले जाना उनकी प्राथमिकता होगी. मेयर ने भरोसा दिलाया कि शहर की बुनियादी समस्याओं- साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, बेहतर सड़कें और स्ट्रीट लाइट को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जायेगा. हर वार्ड और हर मोहल्ले में समान विकास सुनिश्चित किया जायेगा. संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद को एक व्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक नगर बनाने की दिशा में ठोस और समयबद्ध कदम उठाये जायेंगे, ताकि जनता के सपनों को धरातल पर उतारा जा सके.

हर राउंड में संजीव रहे नंबर वन

संजीव सिंह को हर राउंड में सबसे अधिक वोट मिले हैं. पहले राउंड में उन्हें 15791, दूसरे राउंड में 12586, तीसरे में 12506, चौथे राउंड में 13193, पांचवे राउंड में 13128, छठे राउंड में 12539, सातवें राउंड में 13189 और आठवें राउंड में 11799 वोट मिले हैं. आठवें राउंड तक उन्हें 104731 वोट मिल चुके थे और उन्हें विजेता मान लिया गया था. आठवें राउंड के बाद संजीव सिंह करीब 20000 से अधिक वोट से आगे थे. आखिरी राउंड में वह 31000 से अधिक वोट से जीत गए.

जनता का फैसला सर्वोपरि, धनबाद की सेवा जारी रहेगी : चंद्रशेखर अग्रवाल

धनबाद नगर निगम चुनाव 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद पूर्व महापौर चंद्रशेखर अग्रवाल ने जनता के फैसले को पूर्ण सम्मान के साथ स्वीकार किया है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में धनबाद की जागरूक और सजग जनता ने जो निर्णय दिया है, वह सर्वोपरि है. श्री अग्रवाल ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें अपार स्नेह, समर्थन और विश्वास मिला, जिसके लिए वे प्रत्येक मतदाता, समर्थक, कार्यकर्ता, शुभचिंतक और परिवारजनों के प्रति हृदय से आभारी हैं. उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास किसी भी पद से बड़ा होता है. विजयी उम्मीदवार संजीव सिंह को हार्दिक बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक परंपरा प्रतिस्पर्धा सिखाती है, शत्रुता नहीं. उन्हें विश्वास है कि नये नेतृत्व में नगर निगम विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ेगा. पूर्व महापौर ने स्पष्ट किया कि पद हो या न हो, उनका संकल्प धनबाद की सेवा के लिए अटल रहेगा.

जनता का आभार, सेवा का संकल्प रहेगा जारी : शमशेर आलम

नगर निगम चुनाव के बाद शमशेर आलम ने जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो समर्थन और स्नेह मिला, वह उनके लिए अमूल्य है. उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. शमशेर आलम ने कहा कि वे पहले भी जनता की सेवा करते रहे हैं और आगे भी इसी भावना के साथ काम करते रहेंगे. चुनाव परिणाम लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन जनता के बीच रहकर काम करना ही मेरा उद्देश्य है. उन्होंने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का धन्यवाद देते हुए कहा कि समाज सेवा किसी पद की मोहताज नहीं होती. क्षेत्र की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रहेगी. उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करते रहे हैं और आगे भी जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे.

फाइनल राउंड के बाद वोट

संजीव सिंह – 114362
चंद्रशेखर अग्रवाल – 82460
शमशेर आलम – 59079
संजीव कुमार – 57895

ये भी पढ़ें…

Bokaro: कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बेरमो में भगवान परशुराम की प्रतिमा का किया अनावरण

टाटा समूह की विरासत पर कॉफी टेबल बुक का प्रकाशन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >