Dhanbad Mayor Elections: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं. शनिवार को धनबाद नगर निगम में महापौर पद के सभी 29 प्रत्याशियों को उनके चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए. इसमें किसी प्रत्याशी को एयर कंडीशन (एसी) तो किसी को कंप्यूटर का माउस चुनाव चिह्न के तौर पर आवंटित किया गया है. इसके साथ ही शहर की राजनीति में चुनावी सरगर्मी साफ दिखाई देने लगी है.
प्रेक्षक की मौजूदगी में हुआ चुनाव चिह्न आवंटन
सामान्य प्रेक्षक रोबिन टोप्पो की उपस्थिति में निर्वाची पदाधिकारी (महापौर) सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो ने महापौर पद के सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए. प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई.
प्रमुख प्रत्याशियों को मिले चुनाव चिह्न
महापौर पद के प्रत्याशी अमित कुमार अग्रवाल को एयर कंडीशनर, आकाश दुसाध को छड़ी, इंदु देवी को चूड़ियां, उमेश पासवान को बैटरी टॉर्च, कुसुम देवी को बेंच, चंद्र शेखर अग्रवाल को बिस्कुट और जावेद इकबाल को बक्सा चुनाव चिह्न आवंटित किया गया. इसके अलावा, दिलीप कुमार को ईंटें, दीनानाथ ठाकुर को बाल्टी, नवल किशोर पासवान को कैमरा, मो परवेज खान को कार्पेट, प्रकाश कुमार को सीसीटीवी कैमरा और बिनोद कुमार सिंह को चपाती रोलर चुनाव चिह्न मिला.
अन्य उम्मीदवारों को भी मिला चुनाव चिह्न
भृगु नाथ भगत को चिमनी, मुकेश कुमार पांडेय को नारियल फार्म, यौगेंद्र प्रधान को कंप्यूटर माउस, रवि चौधरी को घन, रवि बुंदेला को हीरा, राजकुमार कनौजिया को डोली, राम विनय सिंह को ड्रिल मशीन, राहुल कुमार चौहान को बिजली का खंभा, मो रुस्तम अंसारी को बांसुरी, लक्ष्मी देवी को फव्वारा, शमशेर आलम अंसारी को कीप, शांतनु कुमार चंद्रा को गैस का चूल्हा, शिल्पी शर्मा को चाय छलनी, संजीव कुमार को हरी मिर्च, संजीव सिंह को ऊन व सिलाई और के.सी. सिंहराज को हेलमेट चुनाव चिह्न दिया गया.
इसे भी पढ़ें: पंडित नेहरू के कोट पर सजता था जमशेदपुर का गुलाब, आज रोजडे
प्रचार में जुटेंगे प्रत्याशी
चुनाव चिह्न मिलने के बाद अब सभी प्रत्याशी जनसंपर्क और प्रचार अभियान में जुटेंगे. 29 प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से धनबाद मेयर चुनाव रोचक और कड़ा होने की संभावना जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें: झींकपानी में 150 महिलाएं मंईयां सम्मान योजना से वंचित, मंत्री का कार्यालय घेरा
