धनबाद से प्रह्लाद की रिपोर्ट
Dhanbad Film Release: झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा कोयलांचल के हरिणा बस्ती के युवा कलाकार ललित साव की फिल्म “नुक्कड़ नाटक” अब धनबाद के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. इस फिल्म के निर्देशक तनमय शेखर का धनबाद शहर से खास रिश्ता है. फिल्म की अधिकांश शूटिंग यहीं के विभिन्न वास्तविक स्थानों पर की गई है.
मुख्य भूमिका में मौलश्री और शिवांग
फिल्म में मुख्य भूमिका मौलश्री और शिवांग ने निभाई है, जबकि ललित साव इसमें “मुकुंद” नामक महत्वपूर्ण किरदार में नजर आ रहे हैं. मुकुंद समाज के निचले तबके से आने वाला एक गरीब युवक है, जो आईआईटी जैसे बड़े संस्थान में कैंटीन बॉय के रूप में काम करता है. देश-विदेश से पढ़ने आए संपन्न परिवारों के छात्र जब मुकुंद के साथ उसके गांव पहुंचते हैं, तो वहां की बदहाल स्थिति देखकर दंग रह जाते हैं. बिना बिजली-पानी और बुनियादी सुविधाओं के लोगों का जीवन देखकर छात्रों के भीतर उनके लिए कुछ करने का जज्बा पैदा होता है.
फिल्म में इन कलाकारों ने भी किया है काम
फिल्म में धनबाद के निर्मला हाजरा, बिपिन कुमार और काका जी भी अहम भूमिकाओं में हैं. इसके अलावा, रांची के विनय कुमार और मोनिता सिन्हा भी कलाकारों की टीम का हिस्सा हैं.
अनुराग कश्यप ने की सराहना
फिल्म की कहानी और प्रस्तुति की सराहना बॉलीवुड के चर्चित निर्देशकों अनुराग कश्यप, विवेक अग्निहोत्री और इम्तियाज अली ने भी की है. फिल्म के निर्माण में धनबाद के बगुला बस्ती के स्थानीय लोगों का विशेष सहयोग रहा. यही वजह है कि रिलीज से पहले बस्ती में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग भी की गई थी.
इसे भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर नोवामुंडी में जश्न, रात में खूब फूटे पटाखे
आईएसएम धनबाद में फिल्म की शूटिंग
फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर राम प्रवेश कुमार ने स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्य में अहम जिम्मेदारी निभाई. फिल्म की शूटिंग आईआईटी (आईएसएम) धनबाद, बिग बाजार रोड और बगुला बस्ती सहित कई वास्तविक स्थानों पर की गई है.
इसे भी पढ़ें: जोन्हा में 19 मार्च से शुरू होगी श्रीराम कथा, बलराम साहू बने आयोजन समिति के अध्यक्ष
