Dhanbad News: लंबित आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाएं : डीडीसी

Dhanbad News: जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा, विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों की स्थिति, स्वीकृति और वितरण की प्रगति पर चर्चा करते हुए बैंकों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया.

धनबाद, उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की बैठक हुई. डीडीसी ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लंबित आवेदनों पर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके. एनपीसीआइ, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), फसल ऋण, मुद्रा ऋण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमइजीपी) तथा डीपीएम से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई. विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों की स्थिति, स्वीकृति और वितरण की प्रगति पर चर्चा करते हुए बैंकों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया. बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि, जिले के सभी 23 बैंकों के शाखा प्रबंधक, जिला समन्वयक तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रखंड स्तरीय बैठकों में अनुपस्थिति पर फटकार

डीडीसी ने प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठकों में बैंक अधिकारियों की उदासीनता पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि कई बैंक शाखाएं इन बैठकों को गंभीरता से नहीं ले रही हैं, जो स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठकों में संबंधित बैंक प्रबंधक स्वयं उपस्थित रहें और सभी आवश्यक प्रतिवेदनों एवं अद्यतन आंकड़ों के साथ भाग लें.

23 जून की समीक्षा बैठक के लिए तैयारी के निर्देश

डीडीसी ने सभी बैंक प्रबंधकों को 23 जून 2026 को आयोजित होने वाली समीक्षा बैठक में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैंकों की सक्रिय सहभागिता बेहद जरूरी है. बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >