धनबाद के अरिंदम चक्रवर्ती की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद स्थित एमपीएल ओपी क्षेत्र के एक गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां रहने वाली 79 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला ने क्षेत्र के ही तिलतोड़िया निवासी एक युवक पर जबरन दुष्कर्म और मारपीट करने का संगीन आरोप लगाया है. घटना की लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक मानसिक रूप से अर्धविक्षिप्त बताया जा रहा है.
घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना
पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए अपने शिकायती आवेदन में बताया कि यह घिनौनी वारदात 18 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे की है. उस वक्त वह अपने घर के बाहर बैठी हुई थी. इसी दौरान तिलतोड़िया निवासी आरोपी युवक विपत्तारिणी महतो वहां पहुंचा और उनके साथ छेड़खानी करने लगा. बुजुर्ग महिला ने जब उसकी इस हरकत का विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और जबरन उनके कपड़े खोल दिए. इसके बाद महिला की इच्छा के विरुद्ध उनके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि इस घटना से उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से गहरा आघात लगा है. साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि इस पूरी घटना से जुड़े वीडियो और फोटो साक्ष्य के तौर पर उनके पास सुरक्षित हैं.
ये भी पढ़ें: सरायकेला में कुदरत का कहर: मां की मौत के बाद अब बेटी को भी लील गया ठनका, 2 की मौत 5 घायल
प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में एमपीएल ओपी प्रभारी सुमन कुमारी ने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है. पुलिस हर पहलू से मामले की गहन छानबीन और जांच-पड़ताल में जुटी है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: झारखंड की बेटी के सपनों को लगे पंख, प्रभात खबर में खबर पढ़ते ही एक्टिव हुए जयराम महतो, कॉलेज की पूरी फीस भरी
