Dhanbad Crime News, धनबाद, (प्रतीक पोपट की रिपोर्ट): धनबाद के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में शुक्रवार को अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. पूर्व मेयर संजीव सिंह के समर्थक और जनता मजदूर संघ (कुंती गुट) के प्रतिनिधि शुभम यादव को उनके आवास पर घुसकर अपराधियों ने गोलियों से छलनी कर दिया. हमलावरों ने उन पर निशाना साधते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें तीन गोलियां लगीं. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.
बुजुर्ग दादा-दादी के सामने हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, जिस वक्त हमला हुआ शुभम यादव अपने घर में दादा-दादी के साथ बैठे थे. अचानक वहां पहुंचे अपराधियों ने उन्हें संभलने का मौका दिये बगैर उन पर फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ शुभम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
Also Read: 16 हजार लीटर पानी का संकट होगा दूर: सरायकेला के राजनगर में खराब पड़ी जलापूर्ति योजना जल्द होगी बहाल
अशर्फी अस्पताल में इलाज जारी, स्थिति नाजुक
घायल शुभम यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही पूर्व मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की. इस हमले के बाद संजीव सिंह के समर्थकों और जनता मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं में भारी उबाल देखा जा रहा है.
पुलिस की टीम अपराधियों की तलाश में जुटी
सूचना मिलते ही सोनारडीह ओपी और धनबाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं और अपराधियों के भागने के रास्ते की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके.
जिसे गोली लगी उन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं
गोलीबारी में घायल शुभम यादव का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है. उन पर धनबाद जिले के कतरास थाना में अवैध हथियार रखने, रंगदारी मांगने, गोली बम चलवाने समेत कई मामले में प्राथमिकी दर्ज है. साल 2023 से वह जमानत पर बाहर था. वह सोनरडीह में रहता था, लेकिन उसका मूल निवास स्थान बिहार के जमुई में है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हमला आपसी रंजिश का मामला है या फिर कुछ और.
Also Read: बीमारी पर प्रहार: पश्चिमी सिंहभूम के गुंडीजोड़ा गांव में मलेरिया जांच अभियान, बचाव के सिखाए गुर
