धनबाद से विक्की प्रसाद की रिपोर्ट
Dhanbad Crime News: धनबाद थाना क्षेत्र के चंचलानी कॉलोनी स्थित एक बंगले में गुरुवार सुबह गार्ड का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 46 वर्षीय अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है. सूचना मिलने के बाद धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. जानकारी के अनुसार, जिस बंगले में यह घटना हुई वह व्यवसायी जितेंद्र अग्रवाल का है. वह अपने परिवार के साथ कोलकाता में रहते हैं और जरूरत पड़ने पर ही धनबाद आते हैं. उनकी अनुपस्थिति में बंगले की देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी अनिल कुमार सिंह के पास थी. अनिल लंबे समय से इस बंगले में गार्ड के रूप में कार्यरत थे और परिसर की निगरानी के साथ-साथ रखरखाव का काम भी देखते थे. उनका परिवार धनबाद के ठाकुरकुल्ही इलाके में रहता है.
बेटे से रात में हुई थी सामान्य बातचीत
मृतक के पुत्र अभिषेक कुमार ने बताया कि बुधवार रात उनकी अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान पिता पूरी तरह सामान्य थे और उन्होंने किसी तरह की परेशानी या अस्वस्थता की बात नहीं कही थी. गुरुवार सुबह अचानक पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग स्तब्ध रह गए. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे, जहां का दृश्य देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
काम करने वाली ने सबसे पहले देखा शव
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह बंगले में काम करने वाली दाई जब रोज की तरह पहुंची तो उसने हॉल में अनिल कुमार सिंह को अचेत अवस्था में पड़ा देखा. आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह घबरा गई. पास जाकर देखने पर उन्हें मृत पाया गया. इसके बाद उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. स्थानीय लोगों की सूचना पर धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
नाक से निकल रहा था खून
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक का शव बंगले के हॉल में पड़ा मिला. शव के नाक से खून निकल रहा था, जिससे मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. हालांकि घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. आसपास के लोगों तथा संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारणों के संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत स्वाभाविक थी, किसी बीमारी के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. अगर रिपोर्ट में किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति सामने आती है तो उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: चतरा से बिहार भेजी जा रही थी शराब की खेप, 17 पेटी वाइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: सरायकेला-कांड्रा रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल
