आधार नामांकन और अपडेट कराने के लिए लंबी कतार में लगने वाले धनबाद नगर निगम क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है. नगर निगम के कतरास, छाताटांड़, धनबाद, झरिया और सिंदरी अंचल में नये आधार सेवा केंद्र खोलने की तैयारी शुरू कर दी गयी है.
जिला प्रशासन ने जनहित में इसकी पहल करते हुए सीएससी एसपीवी झारखंड के राज्य प्रमुख से चिह्नित अंचलों में जल्द आधार केंद्र शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.
धनबाद में फिलहाल 153 केंद्र कार्यरत
वर्तमान में जिले में 153 आधार सेवा केंद्र संचालित हैं. इसके बावजूद मुख्य आधार सेवा केंद्र पर लोगों का दबाव बना हुआ है. जिला प्रशासन के अनुसार यहां प्रतिदिन औसतन 460 लोग आधार नामांकन और विभिन्न विवरणों में संशोधन के लिए पहुंचते हैं.
फिलहाल आठ आधार किट के माध्यम से सेवाएं दी जा रही हैं. भीड़ को देखते हुए दो अतिरिक्त किट लगाने की तैयारी है. इससे केंद्र की दैनिक क्षमता बढ़ेगी और लोगों को लंबी कतार से राहत मिलने की उम्मीद है.
एक केंद्र पर अधिक दबाव
आधार में नामांकन के अलावा मोबाइल नंबर, पता और अन्य विवरण अपडेट कराने के लिए बड़ी संख्या में लोग मुख्य केंद्र पहुंचते हैं. कई लोगों को नजदीकी अधिकृत केंद्रों की जानकारी नहीं होने के कारण वे मुख्य केंद्र का ही रुख करते हैं.
इससे यहां भीड़ बढ़ जाती है और लोगों को सेवा लेने में अधिक समय लगता है. प्रशासन का कहना है कि नजदीकी अधिकृत आधार केंद्र और प्रज्ञा केंद्र का उपयोग करने से और ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचने से भी अनावश्यक भीड़ से बचा जा सकता है.
55 प्रज्ञा केंद्रों पर भी सुविधा
जिले के प्रखंड मुख्यालय, प्रखंड संसाधन केंद्र, डाकघर और विभिन्न बैंकों में आधार सेवा केंद्र संचालित हैं. इनके अलावा 55 प्रज्ञा केंद्रों पर आधार में मोबाइल नंबर, पता, ई-मेल समेत उपलब्ध विवरण को अपडेट कराने की सुविधा दी जा रही है.
