Dhanbad News: एसीपी-एमएसीपी विवाद पर टला फैसला, समाधान के लिए बीबीएमकेयू प्रशासन ने मांगा समय

प्रबंधन के आश्वासन पर वीसी व रजिस्ट्रार का घेराव देर रात खत्म. फाइनेंस कमेटी से खर्च का आकलन कराने का निर्णय.

बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में एसीपी व एमएसीपी के मुद्दे पर फिलहाल कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले के समाधान के लिए तीन दिन का समय मांगा है. ज्ञात हो कि सोमवार की शाम चार बजे से शुरू शिक्षकेतर कर्मचारियों का धरना और कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह व रजिस्ट्रार प्रो. राधानाथ त्रिपाठी का घेराव देर रात लगभग 12 बजे समाप्त हुआ. कुलपति द्वारा यह आश्वासन देने कि इस मुद्दे पर फाइनेंस कमेटी की बैठक में विचार कर निर्णय लिया जाएगा, पर कर्मचारियों ने आंदोलन खत्म किया.

फाइनेंस कमेटी के साथ बैठक, रिपोर्ट तलब

मंगलवार को कुलपति ने फाइनेंस कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर स्थिति पर चर्चा की. बैठक में धनबाद व बोकारो के अंगीभूत कॉलेजों में कार्यरत चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को एसीपी और एमएसीपी देने से पड़ने वाले अतिरिक्त वित्तीय भार का आकलन कराने का निर्णय लिया गया. इसके लिए सभी कॉलेजों से दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गयी है. इसके बाद कुलपति ने शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के नेताओं से वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया और निर्णय के लिए तीन दिन का समय मांगा.

फिलहाल टली हड़ताल, 20 अप्रैल से चेतावनी कायम

इधर बाद में कर्मचारी संघ की बैठक अनिल कुमार व संजय झा की अध्यक्षता में हुई. इसमें बुधवार से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल पांच दिनों के लिए टालने का निर्णय लिया गया. संघ ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में एसीपी, एमएसीपी और औपबंधिक वेतन से संबंधित मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 20 अप्रैल से विश्वविद्यालय सहित धनबाद व बोकारो के सभी अंगीभूत कॉलेजों के नन-टीचिंग कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे. बैठक में भारती प्रसाद साव, दीपानंद मिश्रा, कुंदन मिश्रा, कैलाश करमाली, रवींद्र कुमार, अमित कुमार पांडेय, तारापद बाउरी, सौरभ कुमार सिन्हा, विकास कुमार, शंकर रविदास व मो. शरिफ मौजूद थे. संचालन जेसी नागेश ने किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >