Dhanbad News: बैठक बुला नहीं पहुंचे सिविल सर्जन, भड़के रक्तदाता संगठनों के प्रतिनिधि

जिले में रक्तदान व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रेडक्रॉस के माध्यम से सीएस ने बुलायी थी बैठक

धनबाद.

चाईबासा में बच्चों को संक्रमित रक्त चढ़ाने की घटना के बाद स्वास्थ्य चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने ब्लड बैंक संचालन व्यवस्था को सख्त करने के लिए जिलेवार समीक्षा शुरू कर दी है. इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के निर्देश के आलोक में धनबाद जिले के ब्लड बैंकों की कार्यप्रणाली सुधारने और रक्तदान व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय में बैठक बुलायी गयी थी. लेकिन सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा स्वयं कार्यालय में मौजूद नहीं थे. ऐसे में बैठक नहीं हो सकी. इधर बैठक बुलाकर स्वयं सिविल सर्जन के अनुपस्थित रहने से रक्तदाता संगठनों के लोग भड़क गये. उनका कहा कि जब सिविल सर्जन स्वयं उपस्थित नहीं हो सके, तो उन्हें बुलाने का क्या औचित्य था. कई संगठन प्रतिनिधि गोविंदपुर, टुंडी और कतरास जैसे दूरस्थ इलाकों से पहुंचे थे. लगभग दो घंटे इंतजार करने के बाद रक्तदाता संगठनों के प्रतिनिधि लौट गये.

एसडीओ की अध्यक्षता में बैठक करने का निर्णय

शुक्रवार को सीएस कार्यालय में बुलायी गई बैठक रेडक्रॉस के माध्यम से सिविल सर्जन द्वारा बुलायी गयी थी. सीएस के रवैए से रेडक्रॉस सोसाइटी के अधिकारियों में भी नाराजगी है. रेडक्रॉस सोसाइटी व विभिन्न संगठनों ने निर्णय लिया है कि अब बैठक एसडीओ की अध्यक्षता में बैठक होने पर ही वे शामिल होंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >